अनुराग कश्यप का बड़ा दावा, बोले- हॉलीवुड की 'ऑब्सेशन' ने छीनी हिंदी फिल्मों की सिनेमाघरों की स्क्रीनें
अनुराग कश्यप ने बताया है कि इन दिनों छोटे बजट की हिंदी फिल्मों के लिए सिनेमाघरों में अपनी जगह बनाना कितना मुश्किल हो गया है।
उनकी हालिया फिल्म 'बंदर' और इम्तियाज अली की 'मैं वापस आऊंगा' को सिनेमाघरों में दर्शकों का खास प्यार नहीं मिला, जबकि आलोचकों ने दोनों की खूब तारीफ की थी।
इसकी बड़ी वजह यह रही कि हॉलीवुड की फिल्म 'ऑब्सेशन' ने ज्यादातर अच्छे शो और स्क्रीन्स पर कब्जा कर लिया था।
'बंदर' और 'मैं वापस आऊंगा' ने कमाए इतने करोड़
अनुराग ने बताया कि दर्शकों को 'बंदर' पसंद तो आई, लेकिन उन्होंने इसे सिनेमाघरों में देखने के बजाय स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर आने का इंतजार करना बेहतर समझा।
उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म के शो का समय बेहद अजीबोगरीब था। 'बंदर' जैसी गंभीर फिल्म के लिए सुबह के शो रखे गए थे, जबकि ऐसी फिल्में आमतौर पर रात के शो में ज्यादा देखी जाती हैं।
कम शो मिलने के कारण फिल्म के बारे में लोगों में चर्चा का माहौल भी नहीं बन पाया और इसी वजह से दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर पिछड़ गईं।
अब तक, 'बंदर' ने करीब 4.04 करोड़ रुपये कमाए हैं और 'मैं वापस आऊंगा' ने 6.87 करोड़ रुपये की कमाई की है। अनुराग ने क्षेत्रीय सिनेमा के मॉडल की तारीफ की, जहां स्थानीय भाषा की फिल्मों के लिए शो का एक निश्चित हिस्सा आरक्षित रखा जाता है।
उन्हें उम्मीद है कि हिंदी फिल्मों के लिए भी ऐसा ही कुछ इंतजाम किया जाए, ताकि उन्हें सिनेमाघरों में बराबर का मौका मिल सके।