अंसीबा हसन को AMMA ने भेजा चेतावनी पत्र, पुलिस ने शिकायत की अनदेखी
मलयालम अभिनेत्री अंसीबा हसन का कहना है कि पुलिस उनके मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है।
उनका आरोप है कि अभिनेता टाइनी टॉम, अभिनेत्री लक्ष्मीप्रिया और उनके पति जयेश के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
अंसीबा ने दावा किया है कि इस मामले में अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं हुई है। साथ ही, उनके बयान भी सही ढंग से दर्ज नहीं किए गए हैं और उन्हें कोई जानकारी या अपडेट नहीं मिला है।
अभिनेत्री का कहना है कि न्याय दिलाने के बजाय अधिकारी आरोपी को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। इन सभी मुश्किलों के बावजूद, अंसीबा ने अपनी लड़ाई नहीं छोड़ी है और वह न्याय के लिए डटी हुई हैं।
मलयालम मूवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (AMMA) ने अंसीबा को भेजा चेतावनी पत्र
मलयालम मूवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (AMMA) ने अंसीबा को कारण बताओ चेतावनी पत्र भेजा है।
एसोसिएशन ने यह कदम इसलिए उठाया, क्योंकि अंसीबा ने अपनी शिकायतें सार्वजनिक कर दीं, जिसे AMMA के नियमों का उल्लंघन माना गया है।
इस पर जवाब देते हुए अंसीबा ने कहा है कि उनका मामला व्यक्तिगत है और इसमें AMMA को हस्तक्षेप करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने सवाल किया कि जब AMMA ने उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया, तो अब उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों की जा रही है।
वहीं, टाइनी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया है।