LOADING...
ग्रैमी से अनुष्का शंकर ने क्यों बनाई दूरी? कहा- यहां हुनर पर हावी पैसा और रसूख
ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026 में शामिल क्यों नहीं हुईं अनुष्का शंकर? (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@anoushkashankarofficial)

ग्रैमी से अनुष्का शंकर ने क्यों बनाई दूरी? कहा- यहां हुनर पर हावी पैसा और रसूख

Feb 02, 2026
07:05 pm

क्या है खबर?

मशहूर सितार वादक अनुष्का शंकर इस बार ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026 में शामिल नहीं हुईं। उन्होंने एक भावुक पोस्ट साझा कर खुलासा किया कि इन बड़े आयोजनों की चकाचौंध और पुरस्कारों की दौड़ उनके मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रही थी। अनुष्का ने साफ किया कि उनके लिए पुरस्कार जीतने से कहीं ज्यादा जरूरी अपनी मानसिक शांति और संगीत के साथ उनका सच्चा जुड़ाव है, जिसके चलते उन्होंने इस प्रतिष्ठित समारोह में शामिल न होने का बड़ा फैसला लिया।

पोस्ट

अनुष्का शंकर ने नामांकन को बताया 'बड़ी उपलब्धि'

अनुष्का ने इंस्टाग्राम पर अपने हालिया शोज की कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वो सितार बजाते और अपनी टीम के साथ खुशनुमा पल बिताते नजर आ रही हैं। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'आज ग्रैमी का दिन है। मुझे इस बार 2 श्रेणियों में नामांकित होने पर गर्व है। मेरे एल्बम 'चैप्टर III: वी रिटर्न टू लाइट' और उसके प्रमुख गीत 'डेब्रेक' के लिए। ये मेरे 12वें और 13वें नामांकन हैं, जो अपने आप में एक बहुत बड़ी बात है।'

तवज्जो

पुरस्कार से ज्यादा अहमियत संगीत की है- अनुष्का

अनुष्का ने लिखा, 'लॉस एंजिल्स में न होना और बड़े अवॉर्ड्स समारोहों के साथ आने वाले उत्साह और तनाव के चक्रव्यूह से दूर रहना वाकई अच्छा लग रहा है। इस साल मैंने जानबूझकर वहां न जाने और समारोह के दौरान भारत में रहने का फैसला किया। मैं उसी बात पर अमल करना चाहती थी, जो मैं अक्सर कहती हूं कि पुरस्कारों का उतना महत्व नहीं है, जितना संगीत के जरिए लोगों से जुड़ने का होता है।'

Advertisement

कारण

अनुष्का ने लिखा- जीतने की उम्मीद और फिर हार जाना... तोड़ देता है

अनुष्का ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, 'मैं अपने मानसिक स्वास्थ्य का ख्याल रखना चाहती थी। सच तो ये है कि हजारों डॉलर खर्च करके वहां जाना, मार्केटिंग करना और इस पूरी 'मशीन' का हिस्सा बनना तनावपूर्ण होता है। कपड़ों और रेड कार्पेट को लेकर घबराहट, फिर जीतने की उम्मीद करना और फिर बार-बार न जीत पाना इंसान को अंदर से तोड़ देता है।' अनुष्का ने बताया कि वो इस आर्थिक और मानसिक दबाव से दूर रहना चाहती थीं।

Advertisement

दावा

ग्रैमी में हुनर नहीं, पैसा और रसूख जीतता है- अनुष्का

अनुष्का के मुताबिक, ये अवॉर्ड शो अब संगीत से ज्यादा 'पहुंच और पैसे' का खेल बन चुका है। ग्लोबल म्यूजिक श्रेणी में अक्सर वो बड़े कलाकार बाजी मार ले जाते हैं, जिनके पास मार्केटिंग के लिए मोटा पैसा और पहुंच है। अनुष्का ने लिखा, 'मुख्यधारा के कलाकार वोटर्स को रिझाने के लिए महीनों नेटवर्किंग करते हैं। मैं ये कड़वाहट में नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे की सच्चाई बता रही हूं। अब मेरे लिए ऐसी जीत गहराई से मायने नहीं रखती।'

लोकप्रियता

विश्व प्रसिद्ध सितार वादक पंडित रविशंकर की बेटी हैं अनुष्का

बता दें कि अनुष्का शंकर विश्व प्रसिद्ध सितार वादक पंडित रविशंकर की बेटी और एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की संगीतकार हैं, जाे अपने बेबाक विचारों के लिए भी जानी जाती हैं। उन्होंने अपनी कला के दम पर विश्व मंच पर खास पहचान बनाई है और अब तक 13 बार ग्रैमी अवॉर्ड्स के लिए नामांकित हो चुकी हैं। भारतीय शास्त्रीय संगीत को आधुनिक और वैश्विक रूप देने में अनुष्का का बहुत बड़ा योगदान माना जाता है।

Advertisement