Page Loader
'एनिमल' को स्वानंद किरकिरे ने बताया था 'महिला विरोधी', निर्माताओं ने अब यूं कसा तंज
'एनिमल' पर सवाल उठाने वालों पर मेकर्स का कटाक्ष

'एनिमल' को स्वानंद किरकिरे ने बताया था 'महिला विरोधी', निर्माताओं ने अब यूं कसा तंज

लेखन मेघा
Dec 06, 2023
04:03 pm

क्या है खबर?

रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' बॉक्स ऑफिस पर तेजी से 300 करोड़ रुपये की ओर बढ़ रही है। फिल्म को प्रशंसक काफी पसंद कर रहे हैं, वहीं इसकी आलोचना करने वालों की भी कमी नहीं है। सबसे पहले गीतकार-गायक और अभिनेता स्वानंद किरकिरे ने फिल्म में दिखाई गई महिलाओं की स्थिति पर सवाल उठाए थे और इसे महिला विरोधी बताया था। ऐसे में अब फिल्म के आधिकारिक अकाउंट से उनके बयानों पर व्यंग्यात्मक कटाक्ष कर तंज कसा गया है।

बयान

क्या कहा था किरकिरे ने?

किरकिरे ने 'एनिमल' को लेकर नाराजगी जताई और इसे महिला विरोधी बताया। उन्होंने लिखा, "एनिमल देखकर मुझे आज की पीढ़ी की स्त्रियों पर दया आ गई। आपके लिए एक ऐसा पुरुष तैयार किया है, जो ज्यादा डरावना है। वो आपकी इज्जत नहीं करता और आपको झुकाने, दबाने को अपना पुरुषार्थ समझता है।" उनका कहना है कि फिल्म पैसे कमा रही है, लेकिन भारतीय सिनेमा का गौरवशाली इतिहास शर्मिंदा हो रहा है। ये हिंदुस्तानी सिनेमा को खतरनाक दिशा में ले जाएगी।

ट्वीट

'एनिमल' की ओर से किरकिरे को दिया गया जवाब

'एनिमल' के आधिकारिक अकाउंट से किरकिरे की अखबार में छपी खबर साझा कर उनके बयान पर कटाक्ष किया गया और गीतकार को टैग किया है। इसमें लिखा है, 'अपने घुटनों को अपने पैर की उंगलियों से आगे न आने दें या एक-दूसरे की ओर झुकने न दें। बढ़िया संतुलन बनाए रखने के लिए पैरों को कंधे से अलग रखें। इसके बाद अब अपने पैरों की उंगलियां पर धीरे से खड़े हो जाएं। हां... बिल्कुल अब आप सही जगह पर हैं।'

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए ट्वीट

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

किरकिरे मराठी और हिंदी फिल्मों से जुड़े हैं। उन्हें फिल्म 'लगे रहो मुन्ना भाई' के गाने बंदे में था दम...वंदे मातरम के लिए और फिल्म '3 इडियट्स' के गाने बहती हवा सा था वो के लिए सर्वश्रेष्ठ गीत का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है।

विस्तार

अनुपमा चोपड़ा से कही ये बात

किरकिरे के साथ ही अनुपमा चोपड़ा पर भी निशाना साधा गया है। उन्होंने भी 'एनिमल' पर टिप्पणी की थी। दरअसल,1 दिसंबर को 'एनिमल' देखने के बाद अनुपमा ने ट्वीट किया था, 'क्या मैं कह सकती हूं कि मुझे कबीर की याद आ गई, एनिमल।' अब उनके ट्वीट पर जवाब देते हुए 'कबीर सिंह' देखने के लिए नेटफ्लिक्स का लिंक साझा किया गया। साथ ही लिखा गया कि आप यहां अपने पसंदीदा कबीर सिंह को दोबारा देख सकती हैं।

प्रतिक्रिया

लोग दे रहे प्रतिक्रिया

इन ट्वीट के सामने आने के बाद प्रशंसक मजाक कर रहे हैं कि शायद ये ट्वीट खुद निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने किए होंगे तो कुछ लोग इसकी आलोचना कर रहे हैं और कह रहे हैं कि पैसा कमाना ही सबकुछ नहीं होता है। एक ने लिखा, 'वांगा अकाउंट स्विच करना भूल गए' तो दूसरे ने लिखा, 'वांगा ने अब कार्यभार संभाल लिया है।' एक अन्य ने लिखा, 'मिस्टर वांगा थोड़ी इज्जत कमाने की कोशिश भी कीजिए।'

कहानी

ऐसी है 'एनिमल' की कहानी

'एनिमल' में रणबीर मुख्य भूमिका में नजर आए हैं, वहीं उनका सामना बॉबी देओल से होता है। एक ओर रणबीर अपने पिता के लिए कुछ भी करने को तैयार है तो बॉबी अपने भाई की मौत का बदला लेने चाहते हैं। इसमें रश्मिका मंदाना के साथ रणबीर की जोड़ी बनी है और अनिल कपूर उनके पिता की भूमिका में दिखे हैं। फिल्म के कुछ सीन ऐसे हैं, जिसमें महिलाओं को लेकर हुई बातों का विरोध किया जा रहा है।