हैदराबाद में IMAX की ग्रैंड वापसी, महेश बाबू ला रहे हैं शानदार अनुभव
फिल्म प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। हैदराबाद शहर को एक दशक से भी लंबे इंतजार के बाद आखिरकार अपना आईमैक्स स्क्रीन वापस मिलने वाला है।
अभिनेता महेश बाबू के AMB सिनेमाज (जिसे एशियन सिनेमाज का समर्थन हासिल है) ने हाल ही में घोषणा की है कि साल 2026 के आखिर तक AMB क्लासिक विक्ट्री में एक नया आईमैक्स पर्दा लगेगा।
दरअसल, शहर में 2015 के बाद से कोई आईमैक्स थिएटर नहीं था। इसी वजह से दर्शक इस खबर से काफी उत्साहित हैं।
फिल्म 'वाराणसी' में शामिल होंगे 1.43 आईमैक्स सीक्वेंस
AMB सिनेमाज का कहना है कि यह फैसला हैदराबाद के फिल्मों के प्रति गहरे प्रेम को दर्शाता है।
उनके मुताबिक, 'यह वो सिनेमा अनुभव है, जिसकी शहर को हमेशा से जरूरत थी और अब यह आखिरकार यहां मौजूद है।'
यह दोबारा शुरुआत ऐसे बिल्कुल सही समय पर हो रही है, जब एसएस राजामौली की बेसब्री से इंतजार की जा रही फिल्म 'वाराणसी' अप्रैल, 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
इस फिल्म में खासतौर पर 1.43 आईमैक्स सीक्वेंस शामिल होंगे। इंटरनेट पर दर्शक इसे एक शानदार मेल बता रहे हैं।