बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ के करीब पहुंची 'अल्फा', पर 100 करोड़ का लक्ष्य अब भी दूर
YRF स्पाई यूनिवर्स की आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अभिनीत नई फिल्म 'अल्फा' की कमाई में अब थोड़ा सुधार देखने को मिला है। सोमवार को फिल्म की कमाई में 70 प्रतिशत की बड़ी गिरावट आई थी, लेकिन मंगलवार को इसने वापसी की और कारोबार में 10 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की। मंगलवार को यानी अपनी रिलीज के 5वें दिन इस फिल्म ने 4.25 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे 5 दिनों में इसकी कुल कमाई 42.10 करोड़ रुपये पंहुच गई है।
क्या इस हफ्ते 50 करोड़ पार कर लेगी 'अल्फा'?
यशराज के स्पाई यूनिवर्स की पहली महिलाओं की मुख्य भूमिका वाली फिल्म होने के नाते, 'अल्फा' अपने बेहतरीन एक्शन दृश्यों और शरवरी की शानदार एक्टिंग के दम पर दर्शकों के बीच एक अलग पहचान बना रही है, भले ही समीक्षकों को इसकी कहानी थोड़ी कमजोर लगी हो।
उम्मीद है कि फिल्म इस हफ्ते के अंत तक 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लेगी। हालांकि, फिल्म का असली इम्तिहान अभी बाकी है; अपनी लागत निकालने के लिए इसे भारत में कम से कम 100 करोड़ रुपये कमाने होंगे।