आलिया की 'अल्फा' ने पकड़ी बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार, जानिए 'वेलकम टू द जंगल' का हाल
क्या है खबर?
आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की स्पाई-थ्रिलर फिल्म 'अल्फा' ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार पकड़ ली है। पहले दिन मिली-जुली प्रतिक्रियाओं और उम्मीद से कम ओपनिंग के बाद फिल्म ने दूसरे दिन यानी शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया वापसी की है। वीकेंड का फायदा उठाते हुए फिल्म के कारोबार में करीब 21 फीसदी का उछाल देखा गया है। आइए जानें दूसरे दिन फिल्म ने भारत में कितनी कमाई की।
कमाई
पहले दिन 9.25 करोड़, दूसरे दिन 11.25 करोड़
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने दूसरे दिन 11.25 करोड़ रुपये की कमाई की है। पहले दिन के मुकाबले दूसरे दिन इसकी कमाई में लगभग 21.6 प्रतिशत की बढ़त देखी गई है। शनिवार को फिल्म को देशभर में 6,882 शो मिले और सिनेमाघरों में करीब 25 प्रतिशत सीटें भरी रहीं। इससे पहले फिल्म ने अपने पहले दिन शुक्रवार को 9.25 करोड़ रुपये कमाए थे। पहले दिन फिल्म को लगभग 7,000 शोज मिले थे और सिनेमाघरों में 20 प्रतिशत सीटें भरी थीं।
शुरुआत
स्पाई यूनिवर्स की फिल्मों में 'अल्फा' की सबसे कमजोर शुरुआत
YRF स्पाई यूनिवर्स की पिछली फिल्मों के मुकाबले 'अल्फा' की ओपनिंग बेहद कमजोर रही है। जहां शाहरुख खान की 'पठान' (57 करोड़), 'वॉर 2' (52.5 करोड़), 'टाइगर 3' (44.5 करोड़) और 'वॉर' (32.5 करोड़) ने पहले ही दिन बंपर कमाई की थी, वहीं 'टाइगर जिंदा है' और 'एक था टाइगर' ने भी करीब 32.93 करोड़ की कमाई की थी। इन बड़े आंकड़ों के सामने 'अल्फा' का पहले दिन का कारोबार काफी कम रहा।
अन्य फिल्म
'वेलकम टू द जंगल' ने दूसरे शनिवार को की इतनी कमाई
दूसरी ओर अक्षय कुमार अभिनीत 'वेलकम टू द जंगल' की कमाई में दूसरे शनिवार को अच्छी बढ़त देखने को मिली है। फिल्म ने अपने नौवें दिन बॉक्स ऑफिस पर 7.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि शुक्रवार को इसने 4.50 करोड़ रुपये कमाए थे। इस उछाल के साथ ही फिल्म का कुल कारोबार अब 105 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इस फिल्म में अक्षय के साथ सुनील शेट्टी, परेश रावल और अरशद वारसी जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।