
अक्षय कुमार इस निर्देशक की फिल्म में निभाएंगे पुलिस अधिकारी का किरदार
क्या है खबर?
पिछली बार अक्षय कुमार फिल्म 'सिंघम अगेन' में नजर आए थे, जिसमें वह जबरदस्त एक्शन करते दिखाई दिखाई दिए और उनके काम की खूब तारीफ भी हुई। फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।
अब अक्षय की आगामी फिल्म से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ रही है। दरअसल, अक्षय ने एक बार फिर जाने-माने निर्देशक मिलन लुथरिया से हाथ मिलाया है।
'वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा' (2013) के बाद यह अक्षय और लुथरिया के बीच दूसरा सहयोग होगा।
रिपोर्ट
कहानी पर चल रहा काम
मिड-डे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अक्षय और लुथरिया एक बार फिर से साथ आ गए हैं।
दोनों एक दिलचस्प फिल्म लेकर आ रहे हैं, जिसमें अक्षय एक विचित्र पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे।
इस फिल्म की शूटिंग अप्रैल, 2025 में शुरू होगी और यह फिल्म 2026 तक सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है।
सिद्धार्थ आनंद इस फिल्म के निर्माता हैं। मिलन और लेखक रजत अरोड़ा फिलहाल फिल्म की कहानी पर काम कर रहे हैं।
आगामी फिल्में
ये हैं अक्षय की आगामी फिल्में
अक्षय की आगामी फिल्मों की बात करें तो वह इन दिनों फिल्म 'हाउसफुल 5' की शूटिंग में व्यस्त हैं। यह फिल्म 6 जून, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अक्षय के पास प्रियदर्शन की फिल्म 'भूत बंगला' भी है। एकता कपूर इस फिल्म का निर्माण कर रही हैं। फिल्म को 2 अप्रैल, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
इसके अलावा अक्षय 'स्काई फोर्स', 'वेलकम टू द जंगल', 'हेरा फेरी 3' और 'कन्नप्पा' जैसी फिल्मों में भी नजर आएंगे।