कोरोना मरीजों के लिए अक्षय और ट्विंकल ने दान किए 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स

कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी के बाद हालात चिंताजनक बने हुए हैं। इस बार दूसरी लहर के बाद देश ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहा है। देश में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स की खपत बढ़ी है और इसकी किल्लत होने लगी है। इस संकट की घड़ी में कई बॉलीवुड के कलाकार मदद के लिए आगे आए हैं। अब अभिनेता अक्षय कुमार और उनकी पत्नी और अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना ने कोरोना मरीजों के लिए 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स डोनेट किए हैं।
ट्विंकल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इस बात की जानकारी दी है। ट्विंकल ने कहा कि लंदन की एक फाउंडेशन की मदद से वह और अक्षय 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स मुहैया कराने में सफल रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस संस्था के माध्यम से इसे लोगों तक पहुंचाया जाएगा। ट्विंकल ने बताया कि यह संस्था 120 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स उपलब्ध कराएगी। ऐसे में कुल 220 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स का प्रबंध किया गया है।
ट्विंकल ने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'अद्भुत खबर। लंदन इलीट हेल्थ से दैविक फाउंडेशन के तहत डॉक्टर द्रशनिका पटेल और डॉक्टर गोविंद बानकानी ने 120 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स देने का फैसला किया है। साथ ही अक्षय और मैंने मिलकर 100 और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स का इंतजाम किया है। इस प्रकार यह आंकड़ा 220 तक पहुंच गया है।' उन्होंने आगे कहा कि हमें अपनी तरफ से मदद का प्रयास करते रहना चाहिए।
Wonderful news-Dr Drashnika Patel Dr Govind Bankani of London Elite Health through Daivik Foundation are donating120 oxygen concentrators and as @akshaykumar and I have managed to get our hands on 100 as well,we have a total of 220.Thank you for the leads.Let’s all do our bit🙏
— Twinkle Khanna (@mrsfunnybones) April 27, 2021
ट्विंकल ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि हाल में उनके परिवार के सदस्य भी बीमार हुए हैं। हाल में अक्षय ने पूर्व किक्रेटर गौतम गंभीर की संस्था GGF को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की थी। गौतम ने खुद इसकी जानकारी दी थी। गौतम ने ट्वीट किया था, 'GGF के लिए एक करोड़ रुपये की सहायता राशि देने के लिए अक्षय कुमार आपका शुक्रिया। इन पैसों से जरूरतमंदों के लिए खाना, दवाइयां और ऑक्सीजन की व्यवस्था होगी।'
इस महामारी में बॉलीवुड के कई कलाकार मदद के लिए आगे आए हैं। हाल में टीवी कलाकार गुरमीत चौधरी ने भी 1000 अस्पताल बेड्स बनाने का ऐलान किया है। सलमान खान भी फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए खाने के पैकेट्स वितरित करते दिखे हैं। भूमि पेडनेकर, प्रियंका चोपड़ा, कैटरीना कैफ, विक्की कौशल और आलिया भट्ट जैसे दिग्गज कलााकर भी अपने स्तर से मदद में लगे हैं। बीते दिन प्रियंका ने अमेरिकी राष्ट्रपित से भारत को वैक्सीन भेजने का अनुरोध किया था।
अक्षय इस साल फिल्म 'सूर्यवंशी' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म के निर्देशक रोहित शेट्टी हैं, जिसमें अक्षय कैटरीना कैफ के साथ दिखेंगे। 'बेल बॉटम' भी अक्षय की चर्चित फिल्मों में से एक है। इसमें वह वाणी कपूर के साथ रोमांस करते दिखेंगे। इसके अलावा अक्षय को फिल्म 'अतरंगी रे' में देखा जाएगा। इस फिल्म में उनके साथ सारा अली खान दिखाई देंगी। अक्षय 'पृथ्वीराज' और 'रक्षाबंधन' जैसी फिल्मों में भी दिखने वाले हैं।
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 3,62,757 नए मामले सामने आए और 3,285 मरीजों की मौत हुई। भारत दुनिया का चौथा देश बन गया है, जहां इस महामारी के कारण दो लाख से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। अब तक 2,01,165 लोग इस महामारी में मर चुके हैं। नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 66,358 लोगों को संक्रमित पाया गया है। देश में हालात चिंताजनक बने हुए हैं।