Page Loader
अक्षय कुमार 'महाकाल वीडियो' पर बोले- मेरी भक्ति को कोई गलत समझे तो मेरा कसूर नहीं

अक्षय कुमार 'महाकाल वीडियो' पर बोले- मेरी भक्ति को कोई गलत समझे तो मेरा कसूर नहीं

Feb 27, 2025
05:34 pm

क्या है खबर?

अक्षय कुमार पिछली बार फिल्म 'स्काई फोर्स' में नजर आए थे। आने वाले दिनों में अभिनेता एक के बाद एक कई फिल्मों में नजर आएंगे। पिछले दिनों अक्षय ने अपना गाना 'महाकाल चलो' रिलीज किया था, जिस पर विवाद हो गया था। रिलीज होते ही यह गाना विवादों में फंस गया था। दरअसल, उनके शिव लिंग को गले लगाने पर आपत्ति जताई गई थी। अब इस विवाद पर अक्षय ने चुप्पी तोड़ दी है।

प्रतिक्रिया

अक्षय ने कही ये बात

हाल ही में फिल्म 'कनप्पा' के टीजर लॉन्च के दौरान अक्षय ने इस विवाद पर कहा, "आप बताइए कि हमें बचपन से सिखाया गया है कि पार्वती और शिव हमारे माता-पिता हैं और अगर आप उनको प्यार से गले लगाते हैं तो क्या इसमें कोई बुराई है? नहीं ना? अगर मेरी शक्ति वहां से आती है और मेरी भक्ति को कोई अगर गलत समझे तो उसमें मेरा कोई कसूर नहीं है।"

बचाव

विष्णु मंछू ने किया अक्षय का समर्थन

'कनप्पा' के हीरो विष्णु मंछू ने एक पौराणिक उदाहरण देकर विवाद में अक्षय का समर्थन किया। उन्होंने कहा,, "भगवान शिव की सादगी एक ऐसी चीज है, जिसे मैंने हमेशा अपने जीवन में अपनाया है। मैंने हमेशा सरलता से सीधे तरीके से जीने की कोशिश की है।" 'महाकाल चलो' के सीन पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी ने आपत्ति जताई थी। पुजारी समेत अन्य लोगों ने बॉलीवुड को सनातन धर्म के साथ खिलवाड़ न करने की चेतावनी दी थी।

विरोध

पुजारी को इस बात से ऐतराज

'महाकाल चलो' चलो गाने में अक्षय शिवलिंग को पकड़े हुए नजर आ रहे थे। इस दौरन शिवलिंग का अभिषेक किया जा रहा था। इसे लेकर महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने कहा था कि गाने में अक्षय शिवलिंग से लिपटे हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान शिवलिंग का अभिषेक किया जा रहा है, जिसमें उनके ऊपर भी पंचामृत चढ़ाया जा रहा है, जो सरासर गलत है। साथ ही भस्म को लेकर दिखाए गए दृश्य भी गलत हैं।

जानकारी

अक्षय ने गाने में दी अपनी आवाज

'महाकाल चलो' गाना कुछ दिन पहले ही पहले यूट्यूब पर रिलीज किया गया था, जो अक्षय पर फिल्माया गया था और इसमें अक्षय ने अपनी आवाज भी दी थी। इस गाने को अब तक 90 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।

आगामी फिल्में

अक्षय की आने वाली फिल्में

अक्षय की फिल्म 'केसरी चैप्टर 2' 18 अप्रैल को सिनेमाघरों का रुख करने वाली है। यह फिल्म शंकरन नायर की बायोपिक है, जो जलियांवाला बाग नरसंहार में जनरल डायर की भूमिका को उजागर करने के लिए ब्रिटिश राज के खिलाफ लड़ाई को दिखाएगी। इसमें उनके साथ अनन्या पांडे और आर माधवन नजर आएंगे। अक्षय साउथ के निर्देशक अरुण माथेश्वरन की एक्शन थ्रिलर फिल्म में भी नजर आएंगे। इसके अलावा उनकी 'हाउसफुल 5' और 'जॉली LLB 3' भी कतार में हैं।