LOADING...
अजय देवगन बनेंगे डिस्कवरी के शो 'इंटू द वाइल्ड विद बेयर ग्रिल्स' के मेहमान
'इंटू द वाइल्ड विद बेयर ग्रिल्स' के मेहमान होंगे अजय

अजय देवगन बनेंगे डिस्कवरी के शो 'इंटू द वाइल्ड विद बेयर ग्रिल्स' के मेहमान

Sep 13, 2021
11:08 am

क्या है खबर?

डिस्कवरी का मशहूर शो 'इंटू द वाइल्ड विद बेयर ग्रिल्स' की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। इस शो को दुनियाभर में लोग पसंद करते हैं। शो की खास पहचान बेयर ग्रिल्स से जुड़ी हुई है, जो इस शो को होस्ट करते हैं। अब जानकारी सामने आ रही है कि इस शो के आगामी एपिसोड में दिग्गज अभिनेता अजय देवगन अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। आने वाले दिनों में बहुत जल्द अजय को एक रोमांचकारी अंदाज में देखा जाएगा।

शूटिंग

बेयर ग्रिल्स के साथ शो की शूटिंग मालदीव में करेंगे अजय

मेकर्स ने रविवार को ऐलान किया है कि अजय 'इंटू द वाइल्ड विद बेयर ग्रिल्स' के खास मेहमान बनने वाले हैं। बताया जा रहा है कि अजय बेयर ग्रिल्स के साथ इस शो की शूटिंग मालदीव में करेंगे। इस शो का प्रसारण सबसे पहले डिस्कवरी+ ऐप पर किया जाएगा। इस बार शो में अजय जंगल में सर्वाइव करने के तरीके दिखाते हुए नजर आने वाले हैं। अजय शो की शूटिंग के लिए रविवार को रवाना हो चुके हैं।

सूचना

स्पष्ट नहीं है कि अजय कब शो में आएंगे नजर

अभी ऐलान नहीं किया गया है कि अजय कब इस शो में नजर आएंगे। अजय हाल में रिलीज हुई फिल्म 'भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया' को लेकर लाइम लाइट में हैं। फिल्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर प्रसारित हुई है। फिल्म में वह भारतीय वायु सेना के स्क्वाड्रन लीडर विजय कुमार कार्णिक की भूमिका में नजर आए हैं। फिल्म की कहानी भुज पर हमले और इसके पुननिर्माण के इर्दगिर्द घूमती है। विपरीत परिस्थितियों में अजय मिशन को अंजाम देते दिखे हैं।

Advertisement

जानकारी

बेयर ग्रिल्स के शो में महान हस्तियों ने की है शिरकत

बेयर ग्रिल्स के शो में दुनिया के कई महान हस्तियों ने शिरकत की है। 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके शो 'मैन वर्सेज वाइल्ड' में नजर आए थे। उस वक्त दुनियाभर में मोदी और बेयर ग्रिल्स के बीच की केमिस्ट्री को पसंद किया गया था। दक्षिण भारतीय फिल्मों के दिग्गज अभिनेता रजनीकांत ने भी शो में अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई है। इसके अलावा सुपरस्टार अक्षय कुमार ने भी बेयर ग्रिल्स के शो में हिस्सा लिया था।

Advertisement

वर्कफ्रंट

ये हैं अजय की आने वाली फिल्में

अजय के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'मैदान' में दिखेंगे। इसमें वह एक फुटबॉल कोच की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा वह फिल्म 'सूर्यवंशी' में नजर आने वाले हैं। उन्हें 'RRR' में भी देखा जा सकता है। यह एक पैन इंडिया फिल्म है, जिसमें आलिया भट्ट समेत साउथ स्टार राम चरण और जूनियर NTR दिखेंगे। वह 'गंगूबाई काठियावाड़ी', 'कैथी' और 'रेड 2' में भी अभिनय करते नजर आएंगे।

Advertisement