रजनीकांत की 'थलाइवर 173' को मिला नया डायरेक्टर, इन सितारों की भी हुई एंट्री
सुपरस्टार रजनीकांत की अगली बड़ी फिल्म 'थलाइवर 173' को आखिरकार नया निर्देशक मिल गया है। अब इस फिल्म का निर्देशन अश्वथ मारिमुथु करेंगे।
इस प्रोजेक्ट में कई बदलाव देखने को मिले हैं। पहले इसके निर्देशन की जिम्मेदारी सुंदर सी को दी गई थी, फिर सिबी चक्रवर्ती का नाम सामने आया और अब जाकर अश्वथ मारिमुथु को फिल्म से जोड़ा गया है।
सुंदर सी ने 'अप्रत्याशित और अपरिहार्य परिस्थितियों' के चलते फिल्म छोड़ दी थी। वहीं, सिबी चक्रवर्ती के नाम आने के बाद रजनीकांत ने पटकथा में कुछ बदलाव करने की बात कही थी। इन बदलावों के चलते फैंस के मन में यह सवाल था कि आखिर फिल्म का निर्देशन कौन करेगा।
साई पल्लवी आ सकती है फिल्म में नजर
यह फिल्म पहले से ही सुर्खियों में बनी हुई है, क्योंकि इसमें रजनीकांत और कमल हासन जैसे दिग्गज अभिनेता एक साथ नजर आने वाले हैं।
हालांकि, फिल्म का फर्स्ट-लुक पोस्टर जारी हो गया है, लेकिन कास्टिंग से जुड़ी खबरें अब सामने आ रही हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, साई पल्लवी और कथिर को भी फिल्म में लिया जा सकता है। वहीं, अनिरुद्ध रविचंदर फिल्म का संगीत देंगे।
ऐसे में फिल्म के गाने और स्टार पावर, दोनों को लेकर दर्शकों की उम्मीदें सातवें आसमान पर हैं।