Page Loader
आदित्य चोपड़ा कोरोना काल में बॉलीवुड वर्कर्स को देंगे 5,000 रुपये और राशन

आदित्य चोपड़ा कोरोना काल में बॉलीवुड वर्कर्स को देंगे 5,000 रुपये और राशन

May 08, 2021
12:35 pm

क्या है खबर?

देश में कोरोना वायरस के मामलों में अधिक वृद्धि देखने को मिली है। सरकार के साथ समाजसेवी संस्थाएं कोरोना काल में जरूरतमंदों की मदद में जुटी हैं। इस नेक अभियान में फिल्म इंडस्ट्री भी पीछे नहीं है। हाल में बॉलीवुड के कलाकार लोगों की मदद के लिए सामने आए हैं। अब मशहूर फिल्म निर्माता आदित्य चोपड़ा ने कोरोना काल में बॉलीवुड में काम करने वाले वर्कर्स को 5,000 रुपये और महीने भर का राशन देने का ऐलान किया है।

ट्विटर पोस्ट

महिलाओं और बुजुर्गों को 5,000 रुपये की राशि दी जाएगी- तरण

फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस संबंध में जानकारी शेयर की है। उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'आदित्य चोपड़ा ने फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले हजारों दैनिक कामगारों के लिए 'यश चोपड़ा फाउंडेशन साथी इनिशिएटिव' लॉन्च किया है। इसके द्वारा कोविड-19 के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे वर्कर्स को मदद दी जाएगी। इस अभियान के तहत महिलाओं और बुजुर्गों को 5,000 रुपये की राशि दी जाएगी।'

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए तरण का ट्विटर पोस्ट

जानकारी

मदद पाने के लिए फाउंडेशन की वेबसाइट पर भरना होगा फॉर्म

तरण ने आगे बताया कि वर्कर्स के परिवार और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए महीने भर का राशन किट मुफ्त में दिया जाएगा। इस किट में 4 लोगों का महीने भर का राशन होगा। इस पहल के माध्यम से मदद पाने के इच्छुक कर्मचारियों को फाउंडेशन की वेबसाइट www.yashchoprafoundation.org पर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। इसमें संपर्क करने के लिए फोन नंबर व व्हाट्सएप नंबर भी शेयर किया गया है।

जानकारी

जानिए कौन उठा सकते हैं इस मदद का लाभ

यह राशन किट फाउंडेशन के साथी NGO 'यूथ फीड इंडिया' के माध्यम से प्रदान किया जाएगा। इस योजना का लाभ उठाने के लिए पंजीकरण शुक्रवार से शुरू हो जाएंगे। इस मदद का लाभ वही लोग उठा सकते हैं, जो वर्तमान में बेरोजगार होंगे और जिनके पास फिल्म उद्योग यूनियन की सदस्यता होगी। पिछले साल भी फिल्म इंडस्ट्री का काम बंद होने के बाद आदित्य ने वर्कर्स की मदद की थी। उन्होंने दैनिक कामगारों के खाते में नकद राशि भेजी थी।

सूचना

30,000 मजदूरों का मुफ्त में टीकाकरण करवाएंगे आदित्य

यशराज फिल्म्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अक्षय विधानी ने कहा, "इस महामारी ने हमारी इंडस्ट्री के रीड की हड्डी पर वार किया है। कामगारों के लिए ये वक्त बहुत बुरा साबित होने वाला है। इसके कारण हमने इस संकट की घड़ी में उनकी मदद करने का फैसला किया है। यश चोपड़ा फाउंडेशन के जरिए हम उनकी मदद के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।" इसके अलावा यशराज फिल्म्स ने 30,000 मजदूरों का मुफ्त में टीकाकरण करवाने का फैसला किया है।

मदद

कई कलाकार मदद के लिए आए आगे

अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना ने 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स दान किए हैं। टीवी कलाकार गुरमीत चौधरी ने भी 1000 अस्पताल बेड्स बनाने का ऐलान किया है। सलमान खान भी फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए खाने के पैकेट्स वितरित करते दिखे हैं। सनी लियोन, जैकलीन फर्नांडिस, ऋतिक रोशन, भूमि पेडनेकर, प्रियंका चोपड़ा, कैटरीना कैफ, विक्की कौशल, अजय देवगन और आलिया भट्ट जैसे कलााकार मदद में लगे हैं। प्रियंका ने अमेरिकी राष्ट्रपित से भारत को वैक्सीन भेजने का अनुरोध किया था।