Page Loader
कोरोना महामारी में यशराज फिल्म्स की अहम पहल, 30,000 मजदूरों का मुफ्त में टीकाकरण

कोरोना महामारी में यशराज फिल्म्स की अहम पहल, 30,000 मजदूरों का मुफ्त में टीकाकरण

May 05, 2021
03:12 pm

क्या है खबर?

कोरोना महामारी के चलते जहां कई लोगों की जान जा रही है,वहीं,गरीबों पर इसकी आर्थिक मार भी पड़ रही है। कोरोना की वजह से देश के बहुत से हिस्सों में लॉकडाउन और कर्फ्यू की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, इन लोगों की मदद के लिए देश की कई हस्तियां आगे आ रही हैं। अब मशहूर प्रोडक्शन कंपनी यशराज फिल्म्स ने भी बॉलीवुड में काम करने वाले 30,000 मजदूरों का टीकाकरण करवाने का फैसला किया है। आइए जानते हैं पूरी खबर।

अनुरोध

यशराज फिल्म्स ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखा पत्र

कोरोना महामारी ने फिल्म इंडस्ट्री पर भी बुरा असर डाला है। मुंबई में लॉकडाउन लगने के बाद से यहां शूटिंग बंद है। ऐसे में सबसे ज्यादा परेशानी फिल्म सिटी में काम करने वाले दिहाड़ी मजदूरों, तकनीशियनों और जूनियर आर्टिस्ट को रही है। यशराज फिल्म्स इनके टीकाकरण के लिए आगे आया है। वह कुल 30,000 सिने कर्मचारियों को मुफ्त में टीका लगवाएगा। इसके लिए यशराज फिल्म्स ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को एक पत्र लिखा है।

जानकारी

यशराज फ्ल्म्सि ने अपने पत्र में क्या लिखा?

यशराज फिल्म्स की ओर से लिखे गए पत्र में कहा गया है कि वैक्सीनेशन ना सिर्फ कोरोना से लड़ने में मदद करेगा, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी ठीक करेगा। पत्र में मुख्यमंत्री से 30,000 कर्मचारियों के वैक्सीनेशन के अनुमोदन की मांग की गई है। इसमें लिखा है कि फिल्म इंडस्ट्री ठहराव के दौर से गुजर रही है। इसे जल्द से जल्द दोबारा शुरू करने की सख्त जरूरत है ताकि हजारों कामगार रोजाना अपनी जीविका चला पाएं।

जानकारी

FWICE ने भी उद्धव ठाकरे को लिखा पत्र

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पलॉइज (FWICE) ने भी इसी विषय में उद्धव ठाकरे को एक पत्र लिखा है और इंडस्ट्री के 30,000 कामगारों के लिए अलग टीकाकरण केंद्र की व्यवस्था करने की बात कही है। FWICE ने लिखा कि यशराज फिल्म्स आगे आया है, जो वैक्सीन से लेकर संबंधित खर्च भी उठाएगा। FWICE इस काम में हर तरह का सहयोग देने के लिए तैयार है। निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर FWICE का पत्र साझा किया है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें अशोक पंडित का पोस्ट

स्थिति

जानिए देश में कोरोना वायरस के ताजा हालात

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 3,82,315 नए मामले सामने आए और 3,780 मरीजों की मौत हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,06,65,148 हो गई है और 2,26,128 लोगों को इस वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 34,87,229 हो गई है। कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में अब तक 48,22,902 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 71,742 लोगों की मौत हुई है।