ऑनलाइन धोखाधड़ी में अभिनेता अन्नू कपूर से 4.36 लाख रुपये की हुई ठगी
डिजिटल माध्यमों के प्रसार के साथ ही धोखाधड़ी आम बात हो गई है। अब जाने-माने अभिनेता अन्नू कपूर ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार हो गए हैं। KYC के नाम पर उनके साथ 4.36 लाख रुपये की ठगी की गई है। निजी क्षेत्र के एक प्रमुख बैंक के खाते से उनके पैसे निकाल लिए गए। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के बाद उन्हें 3.08 लाख रुपये वापस कर दिए जाएंगे। शनिवार को एक पुलिस अधिकारी ने इस संबंध में जानकारी दी है।
OTP साझा करने के बाद जालसाजी के शिकार हुए अभिनेता
समाचार एजेंसी PTI को ओशिवारा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को एक व्यक्ति ने अभिनेता अन्नू को फोन किया और उनसे कहा कि उनका KYC अपडेट करने की जरूरत है। इसके बाद उस व्यक्ति ने अभिनेता से बैंक खाते का विवरण और वन टाइम पासवर्ड (OTP) मांगा। फिर अभिनेता अन्नू ने जैसे ही ये डिटेल्स दिए, उनके खाते से पैसे निकाल लिए गए।
बैंक ने लेन-देन के बारे में अन्नू को फोन कर दी जानकारी
पुलिस अधिकारी ने बताया, "कुछ समय बाद फोन करने वाले व्यक्ति ने अन्नू के खाते से 4.36 लाख रुपये दो अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिए। बैंक ने उन्हें तुरंत इस लेन-देन के बारे में सूचित करने के लिए फोन किया और उन्हें यह भी बताया कि उनके खाते के साथ कुछ गड़बड़ी की गई है।" इसके बाद अन्नू ने पुलिस से संपर्क किया और उन दो बैकों को भी अप्रोच किया, जिनके खाते में पैसे ट्रांसफर किए गए थे।
जिनमें पैसे भेजे गए, उन खातों को किया गया फ्रिज
खबरों की मानें तो उन बैंक खातों को फ्रिज कर दिया गया है, जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे। भारतीय दंड संहिता (IPC) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। ऑनलाइन जालसाजी के इस मामले में पुलिस आरोपी को अपने कब्जे में लेने के लिए जुट गई है। बता दें कि बैंक किसी भी स्थिति में फोन करके अपने ग्राहकों से OTP के डिटेल्स नहीं मांगती है।
अन्नू ने सतर्कता दिखाने के लिए पुलिस का जताया आभार
अन्नू ने इस मामले में सतर्कता दिखाने के लिए पुलिस का आभार जताया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'मैं ओशिवारा साइबर क्राइम विंग की मुंबई पुलिस को मेरे धोखाधड़ी मामले में तत्काल कार्रवाई करने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।'
यहां देखिए अन्नू का ट्विटर पोस्ट
हाल में इन कलाकारों के साथ हुईं धोखाधड़ी की घटनाएं
बॉलीवुड कलाकारों के साथ यह धोखाधड़ी का कोई पहला मामला नहीं है। बी-टाउन में ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। अप्रैल में अभिनेता राजकुमार राव भी धोखाधड़ी का शिकार हो गए थे। दरअसल, उनके नाम पर किसी शख्स ने लोन लिया था। कुछ समय पहले अभिनेत्री रिमी सेन के साथ 4.14 करोड़ रुपये की ठगी हुई थी। गोविंदा के नाम पर लखनऊ में एक फेक इवेंट का कार्यक्रम बनाया गया था। इस फेक इवेंट का भंडाफोड़ अभिनेता ने खुद किया था।