शाहरुख खान पर बरसे अभिजीत भट्टाचार्य, बोले- थप्पड़ मारने वाले को गले लगाया; पर मुझे 'सॉरी' नहीं कहा
मशहूर गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने एक बार फिर शाहरुख खान के साथ अपने बिगड़े रिश्तों पर खुलकर बात की है। अभिजीत के अनुसार, दोनों के बीच दूरियां शाहरुख के अहंकार की वजह से आईं।
एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि जब फराह खान के पति (शिरीष कुंदर) ने शाहरुख को थप्पड़ मारा और बुरा-भला कहा, तब शाहरुख ने बड़प्पन दिखाते हुए उन्हें गले लगाया और रिश्ता सुधार लिया। अभिजीत ने अफसोस जताते हुए कहा, "मुझे दुख है कि इतने बड़े इंसान होने के बावजूद आपने मुझे एक बार भी सॉरी नहीं कहा।" हालांकि, गायक ने ये उम्मीद भी जताई कि भविष्य में उनके बीच सब कुछ फिर से ठीक हो जाएगा।
भट्टाचार्य ने क्यों छोड़ा था शाहरुख की फिल्मों में गाना?
अभिजीत ने शाहरुख खान की फिल्मों में गाना छोड़ने की असली वजह बताते हुए कहा कि सेट पर बाकी लोगों की तुलना में उन्हें उचित सम्मान और कद्र नहीं मिल रही थी, जिससे उनके आत्म-सम्मान को ठेस पहुंची। उन्होंने उन लोगों को भी कड़ा जवाब दिया जो आरोप लगाते हैं कि वे पब्लिसिटी के लिए शाहरुख का नाम लेते हैं। अभिजीत ने स्पष्ट किया कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है; उनके लिए यह विवाद केवल सम्मान और अपने काम का क्रेडिट मिलने से जुड़ा है।