आमिर लॉन्च करेंगे अपना पॉडकास्ट 'लाल सिंह चड्ढा की कहानियां', 5 मई को आएगा पहला एपिसोड
क्या है खबर?
आमिर खान का अलग अंदाज दर्शकों को पसंद आता है। जितनी मेहनत से वह अपनी भूमिका के लिए खुद को तैयार करते हैं, उतना ही जी-जान से वह फिल्मों का प्रमोशन भी करते हैं।
वह अपनी फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' को लेकर दर्शकों की जुबां पर हैं। फिल्म 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
आमिर इस फिल्म का प्रमोशन करने के लिए अपना पॉडकास्ट 'लाल सिंह चड्ढा की कहानियां' रिलीज करेंगे, जिसका पहला एपिसोड 5 मई को आएगा।
मकसद
पॉडकास्ट के जरिए फिल्म से जुड़ी कहानियां साझा करेंगे आमिर
आमिर करियर में पहली बार किसी फिल्म का प्रमोशन करने के उद्देश्य से पॉडकास्ट लॉन्च करने जा रहे हैं। इसे एक यूनिक प्रमोशनल कैंपेन कहा जा सकता है।
कहा जा रहा है कि इस पॉडकास्ट के जरिए वह दर्शकों के साथ बातचीत करेंगे। वह फिल्म और इसके सेट से जुड़ी दिलचस्प कहानियां साझा करेंगे।
इसमें यह भी बताया जाएगा कि फिल्म का निर्माण कैसे हुआ।
वाकई आमिर का आइडिया मजेदार है, जिसको लेकर दर्शकों में उत्सुकता जरूर होगी।
जानकारी
कहां रिलीज होगा यह पॉडकास्ट?
आमिर का यह पॉडकास्ट टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल, सावन और RedFM पर प्रसारित होगा। हालांकि, फिलहाल इस संबंध में आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
गाना
हाल में आमिर ने रिलीज किया फिल्म का पहला गाना
हाल में आमिर ने 'लाल सिंह चड्ढा' का पहला गाना 'कहानी' रिलीज किया है। इसे समीक्षकों के साथ-साथ दर्शकों ने खूब सराहा।
खास बात यह है कि यह खूबसूरत गाना रेडियो चैनल RedFM पर रिलीज किया गया। इसका मतलब है कि इस बार आमिर प्रमोशन के लिए रेडियो का सहारा ले रहे हैं।
इसका ऑडियो वर्जन टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल पर उपल्बध है।
गाने को अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखा है, जबकि इसे कंपोजर प्रीतम ने कंपोज किया है।
स्टार कास्ट
'लाल सिंह चड्ढा' में आमिर के साथ दिखेंगी करीना कपूर
'लाल सिंह चड्ढा' हॉलीवुड फिल्म 'फॉरेस्ट गंप' की हिंदी रीमेक है, जिसमें आमिर वाला किरदार टॉम हैंक्स ने निभाया था।
फिल्म में आमिर के साथ करीना कपूर भी दिखेंगी।
इससे पहले दोनों सुपरहिट फिल्म 'थ्री इडियट्स' में नजर आए थे। एक बार फिर दोनों कलाकार दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं।
फिल्म में मोना सिंह और शाहरुख खान भी दिखेंगे।
साउथ अभिनेता नागा चैतन्य की यह बॉलीवुड डेब्यू फिल्म है। इसका निर्देशन अद्वैत चंदन ने किया है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
'लाल सिंह चड्ढा' का अक्षय कुमार की फिल्म 'रक्षा बंधन' से क्लैश हो सकता है। 'रक्षा बंधन' भी 11 अगस्त को सिनेमाघरों में आएगी। इस फिल्म का निर्देशन आनंद एल रॉय ने किया है।
वर्कफ्रंट
इन फिल्मों में भी नजर आएंगे आमिर
आमिर को आखिरी बार फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' में लीड रोल में देखा गया था। फिलहाल उनके पास कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट हैं। वह गुरु दत्त की बायोपिक में अभिनय करते नजर आ सकते हैं।
'अंदाज अपना अपना 2' के साथ भी इस अभिनेता का नाम जुड़ चुका है। स्पेनिश फिल्म 'चैम्पियंस' की हिंदी रीमेक में भी आमिर नजर आएंगे।
इसका निर्देशन 'शुभ मंगल सावाधन' के डायरेक्टर आरएस प्रसन्ना करेंगे। फिल्म को सोनी पिक्चर्स इंडिया द्वारा निर्मित किया जाएगा।