Loading...
आमिर खान मंच पर रो पड़े, बोले- 30 साल काम के चक्कर में गंवा दिए रिश्ते
सिंगापुर के मंच पर छलके आमिर खान के आंसू

आमिर खान मंच पर रो पड़े, बोले- 30 साल काम के चक्कर में गंवा दिए रिश्ते

Oct 23, 2026
02:02 pm

क्या है खबर?

सिंगापुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में पहुंचे आमिर खान मंच पर बेहद भावुक हो गए। उन्होंने रोते हुए दर्द बयां किया कि महामारी से पहले तक 3 दशकों तक पागलों की तरह काम करने के चक्कर में उन्होंने अपने निजी रिश्ते खो दिए। इस बातचीत के दौरान आमिर ने अपने शुरुआती करियर के उस दौर को भी याद किया, जब उनकी पहली फिल्म 'कयामत से कयामत तक' की अप्रत्याशित सफलता उनके लिए एक तरह का जाल बन गई थी।

रिश्ते

"30 साल तक काम का जुनून, पर पीछे छूट गए रिश्ते"

कार्यक्रम में आमिर बोले, "जब मैं कोविड के दौरान बैठा सोच रहा था, मुझे अहसास हुआ कि मेरी जिंदगी के करीब 30 साल बीत चुके हैं। 1, 2 या 5 साल तक अपने काम के जुनून में पागलों की तरह लगे रहना ठीक है, लेकिन अगर ये 30 सालों तक चलता रहे तो इसका मतलब है कि आपने अपने रिश्ते खो दिए हैं। बच्चे बड़े होकर वयस्क हो चुके हैं, इसलिए मुझे एक गहरे नुकसान और खालीपन का अहसास हुआ।"

भावुक पल

बेकाबू हुए आमिर के जज्बात

अपनी बात कहते हुए 61 वर्षीय आमिर अपने आंसुओं को रोकने के लिए संघर्ष करते दिखे।

खुद को संभालने के लिए जब वो थोड़े समय के लिए रुके तो उन्होंने दर्शकों से माफी मांगी, जिस पर पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

अक्सर अपनी हर फिल्म में बारीक तैयारी, रचनात्मक महत्वाकांक्षा और सिनेमा के प्रति जुनूनी प्रतिबद्धता के लिए पहचाने जाने वाले आमिर के लिए यह एक बेहद दुर्लभ और भावुक पल था।

ADVERTISEMENT

अहसास

शुक्र है ये अहसास 56 की उम्र में हुआ, 86 में नहीं

आमिर बोले कि पिछले 4 सालों में उन्होंने जानबूझकर अपने परिवार के लिए वक्त निकालना शुरू कर दिया है, ताकि काम उनकी जिंदगी के हर एक पल को न निगल सके।

बीते वक्त को याद कर उन्होंने इस पर राहत जताई कि ये अहसास सही समय पर हुआ।

उन्होंने कहा, "मैं बहुत शुक्रगुजार हूं कि ये ख्याल मुझे 56 की उम्र में आया, ना कि 86 साल की उम्र में, जब सुधार करने के लिए बहुत देर हो चुकी होती।"

ADVERTISEMENT

कामयाबी

पहली ही फिल्म की सफलता बन गई थी आमिर के लिए जी का जंजाल

बातचीत के दौरान आमिर ने अपने शुरुआती करियर के उस अनिश्चित दौर को याद किया, जब उनकी पहली फिल्म 'कयामत से कयामत तक' की सफलता उनके लिए एक जाल बन गई थी।

सफलता के जोश में उन्होंने 6 महीने के भीतर 9 फिल्में साइन कर लीं, लेकिन जब ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर पिटने लगीं तो वो भारी दबाव में आ गए। उन्हें डर सताने लगा कि कहीं उन्हें एक हिट देकर गायब होने वाला मानकर भुला न दिया जाए।

खुलासा

लगातार फ्लॉप फिल्मों के बाद दलदल में धंस गए थे आमिर

लगातार फिल्में फ्लॉप होने पर आमिर घर लौटकर अपनी पूर्व पत्नी रीना दत्ता के सामने रो पड़े थे।

एक फिल्म से मशहूर हुआ सितारा के ठप्पे ने उनके मन में करियर को लेकर खौफ गहरा कर दिया था। उस दौर को याद कर आमिर बोले, "उस समय मानसिक और भावनात्मक रूप से मुझे लगा कि मैं दलदल में फंसा हुआ हूं। मैं धीरे-धीरे धंस रहा। जितना बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था, उतना ही गहरा समाता जा रहा था।"

जानकारी

9 साल बाद सिंगापुर फिल्म फेस्टिवल में लौटे आमिर 

सिंगापुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में आमिर खान 9 साल पहले अपनी फिल्म 'सीक्रेट सुपरस्टार' के लिए शामिल हुए थे। इस बार वो बतौर निर्माता अपनी पहली कालजयी फिल्म 'लगान' की 25वीं वर्षगांठ की खास स्क्रीनिंग के मौके पर पहुंचे हैं।

ADVERTISEMENT