LOADING...
जानिए शादी के मंडप तक कैसे पहुंचा काजोल-अजय का प्यार
कैसे शुरू हुई काजोल-अजय की लव स्टोरी?

जानिए शादी के मंडप तक कैसे पहुंचा काजोल-अजय का प्यार

Feb 24, 2022
11:43 am

क्या है खबर?

काजोल और अजय देवगन की जोड़ी ना सिर्फ रील लाइफ, बल्कि रियल लाइफ में भी दर्शकों को बेहद पसंद आती है। आज यानी 24 फरवरी को दोनों अपनी शादी की 23वीं सालगिरह मना रहे हैं। इस फिल्मी जोड़ी का प्यार शादी के मुकाम तक कैसे पहुंचा, यह बहुत ही दिलचस्प किस्सा रहा है। आइए अजय-काजोल की शादी की सालगिरह के इस खास मौके पर जानते हैं कि उनकी मुलाकात कैसे हुई और उनका ये रिश्ता शादी तक कैसे पहुंचा।

पहली मुलाकात

'हलचल' के सेट पर हुई थी पहली मुलाकात

काजोल और अजय की पहली मुलाकात 1995 में रिलीज हुई फिल्म 'हलचल' के सेट पर हुई थी। दोनों एक-दूसरे से तब मिले थे, जब काजोल का करियर ऊंचाइयों की उड़ान भर रहा था। अजय का करियर भी अच्छा चल रहा था, लेकिन काजोल के जितना नहीं। पहली मुलाकात में दोनों ही एक-दूसरे को पसंद नहीं आए थे। अजय का काजोल को तेज और ज्यादा बोलना अखर रहा था, वहीं काजोल को अजय का चुप रहना अच्छा नहीं लगा था।

डेटिंग

किसी और को डेट कर रहे थे अजय-काजोल

जब काजोल और अजय मिले थे तो उस वक्त दोनों ही किसी और के साथ रिलेशनशिप में थे और काजोल बाद में अपने रिश्ते को लेकर अजय से टिप्स भी लेती थीं। उन्होंने अजय को अपना लव गुरु बना लिया था। अजय और काजोल के बीच लव एट फर्स्ट साइट जैसी कोई बात नहीं थी। दोनों का व्यक्तित्व और स्वभाव एक-दूसरे से बिल्कुल अलग था। जहां काजोल जोर से और बहुत ज्यादा बोलने वाली थीं, वहीं अजय उनसे बिल्कुल उलट।

नजदीकियां

धीरे-धीरे परवान चढ़ा प्यार

समय बीतने के साथ काजोल और अजय में दोस्ती हो गई। 'हलचल' के बाद दोनों ने एक साथ कई फिल्में कीं, जो हिट रहीं जैसे 'इश्क', 'प्यार तो होना ही था', 'दिल क्या करे', 'राजू चाचा' और 'यू मी और हम'। समय के साथ दोनों एक-दूसरे के करीब आए। डेटिंग का सिलसिला शुरू हुआ। चार साल तक काजोल और अजय ने एक-दूसरे को डेट किया। दोनों ने कभी किसी को प्रपोज नहीं किया। खुद ही रिश्ता गहरा होता चला गया।

विरोध

काजोल की शादी के खिलाफ थे पिता

काजोल अपने करियर में ठहराव चाहती थीं। उनके पास सब कुछ था, पैसा, शोहरत और कामयाबी, लेकिन खुद के लिए ना वक्त था और ना सुकून। काजोल ने शादी करने का मन बना लिया, लेकिन 25 की उम्र में उनके पिता नहीं चाहते थे कि वह शादी के चक्कर में अपना करियर दांव पर लगा दें। उन्होंने काजोल से बातचीत बंद कर दी। हालांकि, इस फैसले में काजोल की मां तनुजा ने उनका साथ दिया और रिश्ता शादी तक पहुंचा।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

काजोल-अजय ने 1999 में देवगन हाउस में परंपरागत महाराष्ट्रियन स्टाइल में शादी की। दोनों ने बेहद साधारण अंदाज में शादी की। उन्होंने अपनी शादी में किसी प्रोफेशनल फोटोग्राफर को भी हायर नहीं किया था। काजोल-अजय के दो बच्चे हैं, जिनका नाम युग और न्यासा है।