LOADING...
विदेश में पढ़ाई: 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस के साथ स्कॉलरशिप भी देते हैं ये देश
100 प्रतिशत ट्यूशन फीस के साथ स्कॉलरशिप देते हैं ये देश (तस्वीरः फ्रीपिक)

विदेश में पढ़ाई: 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस के साथ स्कॉलरशिप भी देते हैं ये देश

लेखन राशि
Aug 04, 2023
05:28 pm

क्या है खबर?

विदेश में पढ़ाई करना कई छात्रों के लिए आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कई छात्र विदेशों के महंगे पाठ्यक्रम शुल्क, वीजा शुल्क और रहने-खाने के खर्चों के कारण पढ़ाई नहीं कर पाते। ऐसे छात्रों के सपने को साकार करने में स्कॉलरशिप मददगार होती है। मौजूदा समय में कई देश भारतीय छात्रों को विशेष रूप से स्कॉलरशिप प्रदान करते हैं। आइए जानते है उन देशों के बारे में जो 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस के साथ स्कॉलरशिप प्रदान करते हैं।

#1

न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड विदेश में पढ़ाई के लिए भारतीय छात्रों की पहली पसंद में से एक रहा है। यहां कोविड-19 रिलीफ स्कॉलरशिप, ओटागो इंटरनेशनल एक्सीलेंस स्कॉलरशिप, वेलिंगटन इंटरनेशनल एक्सीलेंस स्कॉलरशिप जैसी कुछ महत्वपूर्ण स्कॉलरशिप हैं। 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस माफी के साथ न्यूजीलैंड में PhD, MS जैसे पाठ्यक्रमों में विशेष स्कॉलरशिप दी जाती है। इसके लिए मास्टर डिग्री वाले छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। न्यूजीलैंड फरवरी, 2024 से भारतीय छात्रों के लिए नई स्कॉलरशिप भी शुरू करेगा।

#2

आयरलैंड

आयरलैंड सरकार अंतरराष्ट्रीय शिक्षा स्कॉलरशिप, द वॉल्श फेलोशिप, आयरलैंड सरकार स्नातकोत्तर स्कॉलरशिप जैसी स्कॉलरशिप देती है। अंतरराष्ट्रीय शिक्षा स्कॉलरशिप कार्यक्रम के तहत 1 वर्ष के लिए छात्रों को 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस और अन्य खर्चों के लिए 10,000 यूरो तक की राशि प्रदान की जाती है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आयरलैंड में स्नातकोत्तर स्कॉलरशिप में अनुसंधान आधारित मास्टर और डॉक्टरेट कार्यक्रमों का ज्यादा समर्थन किया जाता है।

Advertisement

#3

सिंगापुर

सिंगापुर भारतीय छात्रों के बीच लोकप्रिय अध्ययन स्थलों में से एक है। यहां उच्च रैंकिंग वाले संस्थानों में डॉक्टर गोह केंग स्वी स्कॉलरशिप, साइंस एंड टेक्नोलॉजी स्नातक स्कॉलरशिप आदि प्रदान की जाती है। स्कॉलरशिप में छात्रों को 600 सिंगापुर डॉलर का जीवन भत्ता और 1,750 सिंगापुर डॉलर का कंप्यूटर भत्ता मिलता है। स्कॉलरशिप में ट्यूशन फीस के साथ हवाई किराया भी शामिल है। सिंगापुर में पढ़ाई के इच्छुक छात्र आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

Advertisement

#4

स्पेन

अन्य यूरोपीय देशों की तुलना में स्पेन में रहना सस्ता है। यहां व्यवसाय, इंजीनियरिंग, मानविकी, डिजाइन, सामाजिक विज्ञान और वास्तुकला जैसे क्षेत्रों में स्कॉलरशिप प्रदान की जाती है। यहां की इरास्मस+ फंडिग योजना कई प्रतिस्पर्धी स्कॉलरशिप की श्रृंखला पेश करती है। इस स्कॉलरशिप के लिए स्नातक डिग्री प्राप्त युवा आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों का चयन शैक्षणिक स्कोर, अंग्रेजी दक्षता, प्रेरणा पत्र के आधार पर किया जाता है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट की मदद से आवेदन कर सकते हैं।

#5

जापान

जापान विशेषकर विज्ञान और प्रौद्योगिकी से संबंधित पाठ्यक्रमों के अध्ययन के लिए पसंदीदा स्थान है। एशियाई विकास बैंक द्वारा जापान स्कॉलरशिप कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से भारत समेत अन्य देशों के छात्रों को स्कॉलरशिप मिलती है। स्कॉलरशिप में पूरी ट्यूशन फीस, शैक्षणिक सामग्री के साथ मकान किराया और चिकित्सा बीमा भी शामिल है। थिसिस बनाने के लिए छात्रों को अलग से आर्थिक सहायता मिलती है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

Advertisement