जेप्टो IPO से इतिहास रचेंगे आदित पालिचा, बनेंगे सबसे युवा लिस्टेड कंपनी के CEO
जेप्टो इस साल के अंत तक आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही 23 वर्षीय आदित पालिचा एक लिस्टेड भारतीय कंपनी के सबसे कम उम्र के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बन जाएंगे।
उन्होंने अपने दोस्त कैवल्य वोहरा के साथ मिलकर 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान कंपनी की शुरुआत की थी। कैवल्य भी 23 साल के हैं और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई बीच में छोड़ चुके हैं।
10,000 करोड़ रुपये के IPO का लक्ष्य
जेप्टो अपने IPO के जरिए 10,000 करोड़ रुपये तक जुटाने की तैयारी में है। खास बात यह है कि इस निर्गम में कोई भी संस्थापक अपने शेयर नहीं बेचेगा।
कंपनी ने बहुत तेजी से तरक्की की है। 2 साल पहले, जहां इसके 337 स्टोर्स थे, वहीं अब 66 शहरों में 1,100 से ज्यादा स्टोर्स हो गए हैं और रोजाना 23 लाख से ज्यादा ऑर्डर डिलीवर करती है।
वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का राजस्व 22,624 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो पिछले साल से दोगुने से भी ज्यादा है। हालांकि, कंपनी को अभी भी 5,905 करोड़ रुपये का घाटा हो रहा है।
इतनी बड़ी कंपनी चलाने के बावजूद दोनों संस्थापकों की वेतन काफी कम है। आदित पालिचा को 2.74 करोड़ रुपये और कैवल्य वोहरा को 2.61 करोड़ रुपये मिलते हैं।