विप्रो दे रही हर शेयर पर 70 रुपये तक का मुनाफा कमाने का मौका
विप्रो अपनी कंपनी के शेयर वापस खरीदने की तैयारी में है। यह करीब 15,000 करोड़ रुपये का एक बड़ा बायबैक होने वाला है। कंपनी हर शेयर के लिए 250 रुपये का ऑफर दे रही है, जो इसके पिछले NSE भाव से लगभग 38 फीसदी ज्यादा है।
यह ऑफर 17 जून तक मान्य रहेगा और उन सभी शेयरधारकों के लिए है, जिनके पास 5 जून तक कंपनी के शेयर थे। विप्रो का प्लान 60 करोड़ शेयर तक वापस खरीदने का है, जो इसकी कुल शेयर पूंजी का लगभग 5.7 फीसदी है।
शेयरों पर कितना होगा फायदा?
अगर, आपके पास विप्रो के 2 लाख रुपये से कम मूल्य के शेयर हैं तो आप अपने कुल शेयरों में से लगभग हर 56 में से 11 शेयर बायबैक में टेंडर कर सकते हैं।
स्वीकार किए गए हर शेयर पर आपको 52 से 70 रुपये तक का मुनाफा हो सकता है, जो लगभग 7.5 फीसदी का रिटर्न है। अगर, आपके पास 1,008 शेयर हैं तो इससे आपकी जेब में करीब 14,800 रुपये तक आ सकते हैं।
अगर, आपके बाकी शेयर इस बायबैक में स्वीकार नहीं होते और बायबैक खत्म होने के बाद शेयर की कीमत गिर जाती है तो उन शेयरों का मूल्य कम हो सकता है। विश्लेषकों का मानना है कि यह लंबी अवधि के निवेश के बजाय जल्दी मुनाफा कमाने का बेहतर जरिया है।