वेदांता एल्युमीनियम के शेयर 3 दिन में 14 फीसदी गिरे, पूंजीकरण लगा झटका
वेदांता समूह की वेदांता एल्युमीनियम के शेयर सोमवार को लिस्टेड होने के बाद से लगातार गिर रहे हैं। महज 3 दिनों में यह शेयर 14 फीसदी तक नीचे आ गया है।
लगातार तीसरे दिन भी शेयर ने लोअर सर्किट छुआ और बुधवार को 447.56 रुपये पर बंद हुआ। इस भारी गिरावट की वजह से कंपनी का बाजार पूंजीकरण से 29,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमी हुई है।
शेयर में गिरावट की यह रही वजह
इस बड़ी गिरावट के पीछे एक अहम वजह है। दरअसल, ईरान और अमेरिका के बीच हुए समझौते के बाद दुनियाभर में एल्युमिनियम के दाम गिर गए हैं।
मध्य पूर्व में अब सप्लाई के रास्ते ज्यादा आसान हो गए हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे जरूरी रास्तों से ज्यादा एल्युमिनियम आसानी से गुजर पा रहा है, जिससे इसकी कीमतें कम हुई हैं।
एल्युमिनियम के दाम गिरने का असर वेदांता एल्युमिनियम के बाजार पूंजीकरण पर भी पड़ा। लिस्टिंग के बाद से कंपनी का बाजार पूंजीकरण 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा से घटकर अब करीब 1.75 लाख करोड़ रुपये रह गया है।