अल्फाबेट से लेकर टेस्ला के पूंजीकरण को लगा झटका, जानिए क्या है वजह
क्या है खबर?
अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के कारण पश्चिम एशियाई क्षेत्र में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से दिग्गज टेक कंपनियों के पूंजीकरण में 1,700 अरब डॉलर (करीब 1.58 लाख अरब रुपये) से ज्यादा का नुकसान हुआ है। अमेरिकी शेयर बाजार में लगातार 5 सप्ताह की गिरावट के बाद शुक्रवार को डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज सूचकांक में सुधार देखा गया। दूसरी तरफ S&P 500 सूचकांक अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर 7,002.28 से लगभग 9 फीसदी गिरकर 7 महीने के निचले स्तर पर आ गया है।
पूंजीकरण
7 कंपनियों का इतना गिरा पूंजीकरण
S&P 500 सूचकांक में गिरावट के कारण इसमें लगभग एक तिहाई हिस्से का प्रतिनिधित्व करने वाले 7 प्रमुख शेयरों में गिरावट आई है। इसके चलते अल्फाबेट, अमेजन, ऐपल, मेटा, माइक्रोसॉफ्ट, एनवीडिया और टेस्ला को भारी नुकसान हुआ है। अमेरिका-ईरान युद्ध को चलते हुए करीब 4 सप्ताह हो गए हैं। इस दौरान इन 7 सबसे कंपनियों के शेयरों का बाजार पूंजीकरण 1,720 अरब डॉलर (करीब 1.6 लाख अरब रुपये) तक गिर गया है।
नुकसान
सबसे ज्यादा किसे हुआ नुकसान?
अल्फाबेट के बाजार पूंजीकरण में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई है। उसकी बाजार हैसियत में करीब 42,000 अरब रुपये का नुकसान हुआ है। इसके बाद मेटा का नंबर आता है, जिसके शेयरधारकों को 310 अरब डॉलर (करीब 29,000 अरब रुपये) का घाटा लगा। इसके अलावा माइक्रोसॉफ्ट को करीब 25,000 अरब रुपये, एनवीडिया को करीब 21,000 अरब रुपये, ऐपल को करीब 20,000 अरब रुपये, टेस्ला को करीब 12,000 अरब रुपये और अमेजन को करीब 10,000 अरब रुपये का नुकसान हुआ।