अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा- खाड़ी देशों में युद्ध महीनों नहीं जल्द समाप्त होगा
क्या है खबर?
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिमी एशिया में चल रहा युद्ध कुछ हफ्तों में समाप्त हो सकता है, इसके ज्यादा लंबा खिंचने की उम्मीद नहीं। उन्होंने फ्रांस में G-7 के समकक्षों से मुलाकात के बाद कहा कि वाशिंगटन बिना किसी जमीनी सैनिक बल के अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकता है। रुबियो का बयान ऐसे समय पर आया है, जब वाशिंगटन संघर्ष को रोकने के लिए सैन्य तैनाती और राजनयिक प्रयास जारी रखे है।
बयान
मरीन और हवाई सैनिकों की हो रही है तैनाती- रुबियो
रुबियो ने कहा, "हमें उम्मीद है कि हम इसे कुछ हफ्तों में पूरा कर लेंगे, महीनों में नहीं। कुछ हफ्तों में वे इतिहास में अपनी सबसे कमजोर स्थिति में होंगे।" उन्होंने बताया कि हजारों अमेरिकी मरीन और विशिष्ट हवाई सैनिकों को इस क्षेत्र में भेजा जा रहा है ताकि बातचीत का कोई परिणाम न निकलने पर विकल्प मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि ईरान ने अमेरिकी पक्ष को संदेश भेजा था, लेकिन प्रस्तावित शांति योजना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
चुनौती
होर्मुज को सुरक्षित रखना चुनौती- रुबियो
रुबियो ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करना युद्ध के बाद की एक प्रमुख चुनौती होगी। उन्होंने यूरोप और एशिया में सहयोगियों से इसमें योगदान देने का आग्रह किया। रुबियो ने कहा, "यह न केवल गैरकानूनी है, बल्कि अस्वीकार्य भी है। यह दुनिया के लिए खतरनाक है। और यह महत्वपूर्ण है कि दुनिया के पास एक योजना हो।" उन्होंने यह भी कहा कि शत्रुता समाप्त होने के बाद मार्ग को खुला रखने के लिए अमेरिका अंतरराष्ट्रीय सहयोग मांगेगा।