ओला इलेक्ट्रिक के खिलाफ 2 कंपनियों ने दायर किया मुकदमा, जानिए क्या है मामला
ओला इलेक्ट्रिक इन दिनों एक कानूनी लड़ाई का सामना कर रही है। एनेवोल्व मैंडो ई-मोबिलिटी और स्टर्लिंग ई-मोबिलिटी सॉल्यूशंस नाम की 2 कंपनियों ने 40.6 करोड़ रुपये के विवाद के चलते उसके खिलाफ दिवालियापन की याचिका दायर की है।
यह विवाद पुर्जों की गुणवत्ता और उनकी वारंटी से जुड़ा है। ओला ने बताया कि इन कंपनियों ने ये दावे तब किए, जब मध्यस्थता की बातचीत पहले ही शुरू हो चुकी थी। कंपनी का इशारा है कि शायद ये वेंडर्स गुणवत्ता से जुड़ी मौजूदा चर्चा से बचना चाह रहे हैं।
NCLT में कैविएट दायर
इन याचिकाओं को चुनौती देने के लिए ओला इलेक्ट्रिक ने नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) में कैविएट दायर किया है। कंपनी ने साफ किया कि इन विवादों से उनके उत्पादन और डिलीवरी की समय-सीमा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, इन खबरों के सामने आने के बाद 3 दिनों में ओला के शेयर करीब 9 फीसदी गिर गए थे, लेकिन कंपनी के स्पष्टीकरण के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
दूसरी तरफ, एक सकारात्मक बात यह है कि पिछली तिमाही में ओला के वाहनों का पंजीकरण लगभग दोगुना हो गया है। यह दिखाता है कि इस कानूनी उठा-पटक के बावजूद ग्राहकों में उसके स्कूटरों की जबरदस्त मांग बनी हुई है।