महंगाई के कारण TSMC के लिए चिप्स की कीमत तय करना हुआ मुश्किल
दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी (TSMC) का कहना है कि महंगाई के कारण उसका काम मुश्किल हो गया है।
कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) वेंडेल हुआंग ने BBC को बताया कि खर्च बढ़ रहे हैं, लेकिन कंपनी अभी कीमतों में कोई बड़ी बढ़ोतरी करने की योजना नहीं बना रही है। इसके बजाय, कंपनी अपनी तकनीक के स्तर के आधार पर कीमतें तय करेगी।
बता दें कि यह कंपनी एनवीडिया, ऐपल और AMD जैसी दिग्गज कंपनियों के लिए चिप्स बनाती है।
AI चिप्स की मांग क्षमता से कहीं ज्यादा
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स की मांग इतनी ज्यादा हो गई है कि TSMC उसे पूरा नहीं कर पा रही है, भले ही कंपनी अमेरिका, जर्मनी और जापान में अपना विस्तार कर रही है।
हालांकि, इसकी सबसे एडवांस फैक्ट्री अभी भी ताइवान में ही रहेंगी। कुछ लोग इसे 'AI बबल' भले ही कह रहे हों, लेकिन हुआंग का कहना है कि बड़ी क्लाउड कंपनियों से आ रही मांग अभी भी काफी मजबूत है। दुनियाभर में AI पर हो रहे भारी खर्च को देखते हुए TSMC जल्द पीछे नहीं हटेगी।