रियासत लाइफस्टाइल 18 जून को लॉन्च करेगी IPO, जानिए कितनी होगी कीमत
अहमदाबाद की एथनिक वियर ब्रांड रियासत लाइफस्टाइल अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लेकर आ रही है। यह 18 से 22 जून तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा।
कंपनी इस निर्गम के जरिए 30.77 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसमें प्रति शेयर की कीमत 102 से 108 रुपये प्रति बीच रखी जा सकती है। यह IPO बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) लघु एवं मध्यम उद्योग (SME) प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध होगा।
IPO की रकम का यहां होगा इस्तेमाल
IPO से मिलने वाली रकम का उपयोग कंपनी 4 नए शोरूम खोलने और अपनी रोजमर्रा की कारोबारी जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी।
फिलहाल, उसके गुजरात और महाराष्ट्र में कुल 6 शोरूम चल रहे हैं। वित्त वर्ष 2025 में इसकी कुल आय 25.19 करोड़ रुपये रही, जबकि शुद्ध लाभ 4.87 करोड़ रुपये दर्ज किया है। इस IPO में 28.48 लाख शेयर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे, जिसका प्रबंधन मार्क कॉर्पोरेट एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड कर रही है।