टोरंटो में भारत-कनाडा के बीच आर्थिक सहयोग मजबूत करने पर होगी चर्चा
भारत और कनाडा 26 से 27 अगस्त को टोरंटो में अपनी पहली इकोनॉमिक एंड फाइनेंशियल डायलॉग बैठक के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की यह कनाडा की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। इस दौरान वे कनाडा के वित्त मंत्री और राष्ट्रीय राजस्व मंत्री फ्रांसोआ-फिलिप शैम्पेन के साथ मिलकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात करेंगी।
इनमें बढ़ते आर्थिक रिश्ते, टिकाऊ विकास को बढ़ावा देना और वैश्विक चुनौतियों का मिलकर मुकाबला करना शामिल है।
व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने पर जोर
इस बातचीत में सबसे ज्यादा ध्यान व्यापार और निवेश बढ़ाने पर दिया जाएगा। खासकर उन सेक्टर्स पर खास फोकस होगा, जहां भारत तेजी से तरक्की कर रहा है, जैसे ऊर्जा, कृषि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग।
बता दें कि 2024 में कनाडा ने भारत में 110 अरब कनाडाई डॉलर (करीब 7,500 अरब रुपये) से भी ज्यादा का निवेश किया था। इस बातचीत से कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट (CEPA) के लिए भी जमीन तैयार हो सकती है, जिससे आगे चलकर दोनों देशों के बीच मजबूत सप्लाई चेन बन पाएगी।