क्या कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच फेडरल रिजर्व ब्याज दर रखेगा स्थिर?
अमेरिकी फेडरल रिजर्व से उम्मीद है कि वह इस सप्ताह लगातार 5वीं बार अपनी ब्याज दरों को 3.50 से 3.75 फीसदी के बीच स्थिर रखेगा।
अध्यक्ष केविन वार्श दूसरी बार इस बैठक की कमान संभाल रहे हैं। उन्हें महंगाई पर काबू पाने के अपने कड़े इरादे के लिए जाना जाता है, लेकिन फिलहाल कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है। आधिकारिक फैसला बुधवार को आएगा, जिसके बाद वार्श प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
पिछले महीने महंगाई में आई थी गिरावट
पिछले महीने महंगाई भले ही थोड़ी घटकर 3.5 फीसदी पर आ गई हो, लेकिन यह अब भी फेड के 2 फीसदी के लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है।
इसी वजह से ब्याज दरों से जुड़ी नीतियों पर सबकी निगाहें टिकी हैं, वहीं ईरान के साथ बढ़ते तनाव ने कच्चे तेल की कीमतों को 100 डॉलर (करीब 9,500 रुपये) प्रति बैरल के पार पहुंचा दिया है, जिससे यह स्थिति और जटिल हो गई है।
फेडरल रिजर्व के गवर्नर क्रिस वॉलर का मानना है कि अगर, महंगाई जल्द नियंत्रण में नहीं आती है तो ब्याज दरों को और बढ़ाना पड़ सकता है।