8वां वेतन आयोग 3,490 कैलोरी पर तय कर सकता है नया वेतनमान
8वां वेतन आयोग केंद्र सरकार के कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन तय करने के एक नए तरीके पर विचार कर रहा है। इस तरीके में न्यूनतम वेतन तय करने के लिए 3,490 कैलोरी को आधार बनाने का प्रस्ताव है। पहले यह मानक 2,700 कैलोरी था।
इसका मकसद यह है कि जो वेतन मिले वह आज के समय में जीवन जीने की वास्तविक जरूरतों को पूरा कर सके।
कर्मचारी संघों ने की वेतन बढ़ाने की मांग
कर्मचारी संघ, आयोग से आग्रह कर रहे हैं कि वे इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के नए दिशा-निर्देशों को स्वीकार करें। उनका तर्क है कि कई सरकारी नौकरियों में काफी शारीरिक श्रम करना पड़ता है, इसलिए कर्मचारियों को बेहतर वेतन मिलना जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए वे हर महीने 55,000 से 60,000 रुपये के न्यूनतम वेतन की मांग कर रहे हैं, जिससे बढ़ती स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी लागतों का सामना किया जा सके।
अगर, ये सिफारिशें मान ली जाती हैं तो इसका असर 1.1 करोड़ से ज्यादा कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके परिवारों पर पड़ेगा।