SEBI ने रिटेल बॉन्ड तक पहुंच बढ़ाने के लिए नए चैनल पार्टनर नेटवर्क का दिया प्रस्ताव
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने स्टॉक एक्सचेंज में रजिस्टर्ड लोगों और संस्थाओं को ऑनलाइन बॉन्ड प्लेटफॉर्म प्रोवाइडर्स के साथ मिलकर तय इनकम वाली सिक्योरिटीज को वितरित करने की मंजूरी देने का प्रस्ताव दिया है।
इसने कॉर्पोरेट बॉन्ड और दूसरी तय इनकम वाली सिक्योरिटीज में रिटेल निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए 'फिक्स्ड इनकम चैनल पार्टनर्स' (FICP) का एक नया नेटवर्क बनाने का सुझाव दिया है।
यह कदम ऐसे वक्त में उठाया जा रहा है, जब भारत का कॉर्पोरेट बॉन्ड बाजार 31 जुलाई तक 60 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है।
FICP बनने के लिए ये हैं पात्रता
FICP बनने के लिए उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए, उसने 12वीं कक्षा पास की हो और वह भारतीय नागरिक हो। इसके अलावा, उसे फिक्स्ड इनकम सिक्योरिटीज में NISM का एक वैध सर्टिफिकेट भी हासिल करना होगा।
एक महत्वपूर्ण छूट यह है कि जो AMFI से रजिस्टर्ड म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स हैं, वे बिना किसी आवेदन शुल्क के FICP के लिए आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते उनके पास संबंधित NISM सर्टिफिकेट हो।
FICP का मुख्य काम निवेशकों को गाइड करना होगा। वे ऑनबोर्डिंग से लेकर कागजी कार्रवाई, KYC चेक और लेन-देन तक हर कदम पर उनका मार्गदर्शन करेंगे।
हालांकि, सबसे अहम बात यह है कि FICP खुद किसी भी निवेशक के पैसे या सिक्योरिटीज को सीधे तौर पर नहीं संभालेंगे। ग्राहक के सभी ऑर्डर सीधे OBPP प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही पूरे किए जाएंगे।