जापान में पहली बार निक्की ने 70,000 का आंकड़ा किया पार
जापान का निक्की शेयर बाजार पहली बार 70,000 का आंकड़ा पार कर गया है। दरअसल, बैंक ऑफ जापान ने हाल ही में अपनी मुख्य ब्याज दर बढ़ाकर 1 फीसदी कर दी है। यह ब्याज दर 1995 के बाद से सबसे ऊंची है। बैंक के इस बड़े कदम से देश की अर्थव्यवस्था के दोबारा मजबूत होने का भरोसा बढ़ा है।
इससे निवेशकों की उन चिंताओं को भी राहत मिली है, जो वे आर्थिक विकास और कंपनियों के मुनाफे को लेकर महसूस कर रहे थे।
टेक और इंफ्रास्ट्रक्चर शेयरों में तेजी
इस रिकॉर्ड तेजी के पीछे टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों के शेयर सबसे आगे रहे हैं, खासकर वे जो दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती मांग का फायदा उठा रहे हैं। चिप टेस्टिंग कंपनी एडवांटेस्ट के शेयरों में 5 फीसदी से ज्यादा का उछाल देखा गया, वहीं फुजीकुरा और फुरुकावा इलेक्ट्रिक के शेयर भी क्रमश: 10 और 7 फीसदी से ज्यादा चढ़ गए।
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि ब्याज दरों में यह बढ़ोतरी जापान के लिए एक नया मोड़ है। उनका मानना है कि अब देश ज्यादा वेतन, बेहतर मुनाफा और स्थिर महंगाई की ओर बढ़ रहा है। सालों से कीमतों में गिरावट का, जो दौर चल रहा था, यह उसमें बड़ा बदलाव है।