LOADING...
शेयर बाजार: OpenAI की नई AI कंपनी से बढ़ी चिंता, IT शेयरों में भारी गिरावट
IT शेयरों में भारी गिरावट

शेयर बाजार: OpenAI की नई AI कंपनी से बढ़ी चिंता, IT शेयरों में भारी गिरावट

May 12, 2026
01:53 pm

क्या है खबर?

भारतीय शेयर बाजार में आज (12 मई) IT सेक्टर के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है। निफ्टी IT इंडेक्स करीब 3.7 प्रतिशत टूटकर मई 2023 के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। पिछले दो कारोबारी सत्रों में यह इंडेक्स करीब 4.5 प्रतिशत गिर चुका है। बाजार में बिकवाली का दबाव इतना ज्यादा रहा कि इंडेक्स के सभी 10 शेयर लाल निशान में कारोबार करते दिखे। इस गिरावट से निवेशकों की चिंता और बढ़ गई है।

चिंता

OpenAI की नई कंपनी से बढ़ी चिंता

IT शेयरों में गिरावट की एक बड़ी वजह OpenAI की नई AI कंपनी है। OpenAI ने 4 अरब डॉलर (लगभग 380 अरब रुपये) से ज्यादा निवेश वाली नई कंपनी शुरू करने का ऐलान किया है। यह कंपनी अलग-अलग संस्थानों और कारोबारों को AI सिस्टम बनाने और इस्तेमाल करने में मदद करेगी। कंपनी खास इंजीनियरों की टीम तैयार करेगी, जो कारोबारों के कामकाज को AI के जरिए बदलने का काम करेगी, जिससे पारंपरिक IT सेवाओं पर असर पड़ने का डर है।

IT शेयर

बड़े IT शेयरों में तेज गिरावट

मंगलवार को कई बड़ी IT कंपनियों के शेयरों में तेज गिरावट दर्ज हुई। परसिस्टेंट सिस्टम्स का शेयर करीब 5 प्रतिशत तक टूट गया। TCS में 4.27 प्रतिशत और LTI माइंडट्री में लगभग 4 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। इसके अलावा, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, HCL टेक्नोलॉजीज, विप्रो और कोफोर्ज के शेयर भी 2 से 4 प्रतिशत तक नीचे आ गए। कमजोर कमाई के अनुमान और मांग में कमी की आशंका से निवेशकों ने जमकर बिकवाली की है।

Advertisement

असर

महंगाई और अमेरिकी ब्याज दरों का असर

IT सेक्टर पर बढ़ती महंगाई और अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता का भी असर दिख रहा है। भारत का लगभग 315 अरब डॉलर (लगभग 30,000 अरब रुपये) का IT उद्योग अपनी कमाई का करीब 57 प्रतिशत हिस्सा अमेरिकी बाजार से हासिल करता है। ऐसे में अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची रहने या खर्च घटने का सीधा असर भारतीय IT कंपनियों पर पड़ता है। तेल की बढ़ती कीमतों और महंगाई की चिंता ने भी बाजार का माहौल कमजोर किया है।

Advertisement