OpenAI ने लॉन्च की नई AI कंपनी, 380 अरब रुपये के निवेश से हुई शुरुआत
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने एक नई कंपनी शुरू करने का ऐलान किया है। इस नई कंपनी का नाम OpenAI डिप्लॉयमेंट कंपनी रखा गया है। इसका मकसद दुनियाभर की कंपनियों और संगठनों को AI सिस्टम बनाने और उन्हें सही तरीके से इस्तेमाल करने में मदद करना है। कंपनी की शुरुआत 4 अरब डॉलर (लगभग 380 अरब रुपये) से ज्यादा के शुरुआती निवेश के साथ हुई है। इस नई पहल में OpenAI की सबसे बड़ी हिस्सेदारी और नियंत्रण रहेगा।
निवेश
कई बड़ी कंपनियों ने किया निवेश
OpenAI की इस नई कंपनी में दुनिया की कई बड़ी निवेश और सलाहकार कंपनियों ने पैसा लगाया है। इसमें TPG, सॉफ्टबैंक, गोल्डमैन सैक्स, बेन कैपिटल और ब्रुकफील्ड जैसी कंपनियां शामिल हैं। कंपनी की शुरुआती कीमत 10 अरब डॉलर (लगभग 950 अरब रुपये) बताई जा रही है। OpenAI का कहना है कि उसके साझेदार दुनियाभर में हजारों कारोबारों के साथ काम करते हैं। नई कंपनी का उद्देश्य AI तकनीक को कंपनियों के रोजमर्रा के काम में तेजी से शामिल करना है।
तकनीक
नई तकनीक और इंजीनियरों पर रहेगा फोकस
OpenAI ने बताया कि यह कंपनी AI तकनीक को कंपनियों के सिस्टम में जोड़ने का काम करेगी। इसके लिए खास इंजीनियरों की टीम बनाई जाएगी, जो अलग-अलग कंपनियों के साथ मिलकर काम करेगी। कंपनी ने लंदन की AI इंजीनियरिंग फर्म 'टोमोरो' को भी खरीद लिया है। इससे करीब 150 अनुभवी इंजीनियर नई कंपनी से जुड़ेंगे। ये लोग कंपनियों के काम करने के तरीकों को AI की मदद से आसान, तेज और ज्यादा असरदार बनाने का काम करेंगे।
प्रतिस्पर्धा
AI बाजार में बढ़ रही बड़ी प्रतिस्पर्धा
OpenAI का यह कदम ऐसे समय आया है जब AI सेवाओं के बाजार में तेजी से प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है। दूसरी AI कंपनियों ने भी नई सेवाएं शुरू की हैं। OpenAI का कहना है कि दुनियाभर में 10 लाख से ज्यादा कारोबार पहले ही उसके AI टूल्स और सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। कंपनी अब चाहती है कि AI केवल चैट या सवाल-जवाब तक सीमित न रहे, बल्कि कंपनियों के बड़े कामकाज और फैसलों का अहम हिस्सा बने।