सोलरस्क्वायर की करीब 500 करोड़ रुपये की फंडिंग से कई शहरों में विस्तार की योजना
रूफटॉप सोलर क्षेत्र की प्रमुख भारतीय कंपनी सोलरस्क्वायर ने 5.3 करोड़ डॉलर (करीब 500 करोड़ रुपये) की नई फंडिंग जुटाई है।
इस फंडिंग राउंड की अगुवाई B कैपिटल ने की, जिसमें लाइट्सपीड, एलिवेशन कैपिटल और अन्य निवेशकों ने भी हिस्सा लिया।
इस नए निवेश के साथ कंपनी की कुल फंडिंग 10 करोड़ डॉलर (करीब 950 करोड़ रुपये) के पार पहुंच गई है। यह राशि स्वच्छ ऊर्जा को आम लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
घर के लिए फुल एनर्जी प्लेटफॉर्म बनाने की तैयारी
इस नए फंड से सोलरस्क्वायर अपने कारोबार को और शहरों तक फैला पाएगी और अपनी टेक्नोलॉजी को भी बेहतर बना सकेगी। यह सब इसलिए जरूरी है क्योंकि अब घरों में सोलर पैनल की मांग बढ़ रही है।
एक तरफ बिजली के बढ़ते दाम हैं तो दूसरी तरफ सरकार की 'PM सूर्य घर' जैसी योजनाएं सोलर को और भी आकर्षक बना रही हैं।
फिलहाल, कंपनी ने 50,000 घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ दिया है। अब एक फुल होम एनर्जी प्लेटफॉर्म बनाने पर काम कर रही है, जिसमें सोलर पैनल के साथ बैटरी और स्मार्ट एनर्जी मैनेजमेंट भी शामिल होगा।
कंपनी की सह संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) श्रेया मिश्रा का कहना है कि उनका मकसद भारत को रिन्यूएबल एनर्जी की तरफ तेजी से ले जाना है। उनका मानना है कि अभी भी सिर्फ 5 फीसदी से भी कम घरों की छतों पर सोलर पैनल लग पाए हैं और इस अंतर को पाटना बहुत जरूरी है।