BSE ने देवयानी इंटरनेशनल और सफायर फूड्स के विलय को दी हरी झंडी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने देवयानी इंटरनेशनल और सफायर फूड्स के विलय प्रस्ताव पर एक टिप्पणी पत्र जारी किया है। इसमें कोई प्रतिकूल टिप्पणी नहीं की गई है। इससे कंपनियों के शेयरों में 7 फीसदी का उछाल आया है।
BSE की तरफ से कोई आपत्ति नहीं मिलने के बाद अब ये दोनों कंपनियां अपनी योजना को आगे की कार्रवाई के लिए नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) के पास ले जा सकती हैं।
अगर, यह सब योजना के मुताबिक होता है तो KFC और पिज्जा हट जैसे बड़े ब्रांड एक ही बड़े क्विक-सर्विस रेस्टोरेंट समूह के तहत आ जाएंगे।
वोटिंग से पहले देनी होगी पूरी जानकारी
शेयरधारकों की वोटिंग से पहले BSE ने कंपनियों से पूरी जानकारी का खुलासा करने की मांग की है। इसमें विलय से पहले और बाद में स्वामित्व की स्थिति, कौन-कौन सी संपत्तियां और देनदारियां हस्तांतरित की जा रही हैं, कोई भी कानूनी या नियामक कार्रवाई और प्रमोटर्स की स्थिति में होने वाले बदलावों का ब्यौरा शामिल है।
इसके अलावा, सफायर फूड्स मॉरीशस से जुड़े प्रस्तावित हिस्सेदारी बिक्री के बारे में भी सारी जानकारी सार्वजनिक करनी होगी।