अल्फाबेट के शेयरों में बढ़त से ब्रिन फिर बने दुनिया के तीसरे सबसे अमीर
गूगल के सह संस्थापक सर्गेई ब्रिन अल्फाबेट के शेयरों में आई थोड़ी बढ़त के बाद एक बार फिर दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। पिछले दिनों अल्फाबेट के शेयरों में 7 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई थी। इससे कंपनी का बाजार मूल्य 255 अरब डॉलर (करीब 24,000 अरब रुपये) कम हो गया था और ब्रिन की रैंकिंग 5वें स्थान पर खिसक गई थी।
हालांकि, शुक्रवार को शेयरों में 0.5 फीसदी का सुधार देखने को मिला, जिससे उनकी कुल संपत्ति एक बार फिर बढ़कर 243.1 अरब डॉलर (करीब 23,000 अरब रुपये) हो गई और वे तीसरे पायदान पर पहुंच गए।
AI खर्च को लेकर निवेशक घबराए
अल्फाबेट की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर खर्च करने की नई योजनाओं से निवेशक थोड़ा घबरा गए हैं। कंपनी ने बताया है कि वह AI पर 195 अरब डॉलर (करीब 18,000 अरब रुपये) से लेकर 205 अरब डॉलर (करीब 19,000 अरब रुपये) तक खर्च करेगी।
भले ही अल्फाबेट ने लगातार 12 तिमाहियों से 2 अंकों की ग्रोथ दर्ज की है, लेकिन इस बड़े खर्च के आंकड़े ने कंपनी के शेयर की कीमतों में भारी गिरावट ला दी।
सर्गेई ब्रिन के पास करीब 36.27 करोड़ शेयर हैं, इसलिए बाजार में होने वाली हर छोटी-बड़ी हलचल का सीधा असर उनकी संपत्ति और अरबपतियों की सूची में उनकी रैंकिंग पर पड़ता है।
यह दिखाता है कि कैसे अरबपतियों की ये सूची वॉल स्ट्रीट के हर छोटे-बड़े उतार-चढ़ाव के साथ तेजी से बदलती रहती हैं।