Page Loader
शेयर बाजार में सुबह-सुबह 800 टूटा सेंसेक्स, जानिए क्या है गिरावट की वजह
सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट (तस्वीर: फ्रीपिक)

शेयर बाजार में सुबह-सुबह 800 टूटा सेंसेक्स, जानिए क्या है गिरावट की वजह

Jan 13, 2025
10:28 am

क्या है खबर?

शेयर बाजार में आज (13 जनवरी) हफ्ते के पहले कारोबारी दिन बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। आज सुबह बाजार खुलते ही सेंसेक्स 800 अंक टूटकर 76,535.24 पर और निफ्टी 250 अंक गिरकर 23,172.70 तक आ गया। कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि और रुपये में कमजोरी से बाजार दबाव में रहा। इस वजह से BSE का कुल बाजार पूंजीकरण 425 लाख करोड़ रुपये रह गया, जिससे निवेशकों को 5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

रुपया 

रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर

आज रुपये में गिरावट से निवेशकों के मनोबल पर असर पड़ा और यह शेयर बाजार में गिरावट का एक महत्वपूर्ण कारण बन गया। रुपया आज 23 पैसे गिरकर 86.27 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया, जो कि डॉलर के मुकाबले बड़ी कमजोरी है। इसकी वजह कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिकी डॉलर की मजबूती है। डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होने से भारत के आयात महंगे होंगे, जिससे व्यापार घाटा बढ़ता और अर्थव्यवस्था पर दबाव पड़ता है।

वजह

तेल की बढ़ती कीमतें

कच्चे तेल की कीमतें 3 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं, जिससे शेयर बाजार पर असर पड़ा है। अमेरिका द्वारा रूस पर नए प्रतिबंध लगाने से चीन और भारत को तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका बढ़ी है। भारत जैसे बड़े तेल आयातक देशों पर इस वृद्धि का सीधा असर पड़ेगा। महंगे तेल से मुद्रास्फीति बढ़ सकती है और आर्थिक विकास धीमा हो सकता है। निवेशकों की चिंता बढ़ने से बाजार में बिकवाली का माहौल बन गया।

वजह

विदेशी निवेश और व्यापारिक अनिश्चितता

विदेशी पूंजी निकासी और डॉलर की मजबूती से भारतीय बाजार पर दबाव बढ़ा। वहीं, डोनाल्ड ट्रंप के अगले हफ्ते राष्ट्रपति पद संभालने से वैश्विक व्यापार को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। उम्मीद है कि वह भारत जैसे देशों पर आयात शुल्क बढ़ा सकते हैं। इससे निवेशकों की धारणा कमजोर हो गई है। उभरते बाजारों के लिए यह नई चुनौतियां पेश कर सकता है। इन सभी वजहों से भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है।