ईरान ने खाड़ी देशों पर की मिसाइल-ड्रोन की बौछार, जानिए किसने ने कितने हमले किए नाकाम
क्या है खबर?
इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग का आज चौथा दिन है। हमलों में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान पूरी तरह से बौखला गया है और उसने पश्चिम एशिया के देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य सुविधाओं को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। इसके लिए उसने खाड़ी देशों पर मिसाइलों और ड्रोन की बौछार कर दी। हालांकि, खाड़ी देशों ने अधिकतर हमलों को नाकाम कर दिया है। आइए हमलों के आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
मौत
ईरान में अब तक हुई 742 लोगों की मौत, 750 घायल
अल-जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और इजरायल ने मिलकर अब तक ईरान के 1,000 से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए हैं। इनमें 2,000 से ज्यादा बम गिराए गए हैं। इन हमलों में अब तक 742 लोगों की मौत हो चुकी है, इनमें 176 बच्चे हैं। 750 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। 28 फरवरी को शुरू हुई इस लड़ाई के पहले दिन खामेनेई और उनके परिवार की मौत हाे गई थी। रविवार को 3 अमेरिकी सैनिक भी मारे गए।
हमला
ईरान ने इन देशों पर किए हमले
ईरान ने अमेरिकी सुविधाओं को नष्ट करने के लिए इजरायल, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कतर, बहरीन, कुवैत, जॉर्डन, सऊदी अरब और इराक में सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं। इससे UAE के दुबई में 3 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। हालांकि, इन देशों ने ईरान के अधिकतर हमलों को नाकाम कर दिया, नहीं तो वहां जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था। सभी देशों ने सभी आवश्यक कदम उठाए हैं।
सफलता
किस देश ने कितने हमले किए नाकाम?
रिपोर्ट के अनुसार, UAE ने सोमवार को ईरान द्वारा दागी गई 182 मिसाइलों में से 169 को नाकाम कर दिया और बाकी समुद्र में गिरीं। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उनकी सेना ने 645 ड्रोन भी रोके हैं, जिनमें से 44 ड्रोन राज्य की सीमा के भीतर गिरे थे। कुवैत की राज्य मीडिया एजेंसी के अनुसार, सोमवार को कुवैत ने 178 बैलिस्टिक मिसाइलों और 384 ड्रोन को रोका है। इससे देश में जानमाल का बड़ा नुकसान होने से बच गया।
अन्य
अन्य देशों की क्या रही स्थिति?
बहरीन रक्षा बल की जनरल कमांड के आंकड़ों के अनुसार, उन्होंने ईरान द्वारा दागी गई 70 मिसाइलों और 76 ड्रोन को नाकाम किया है। कतर ने 104 मिसाइलों में से 101 और 39 ड्रोनों में से 24 को रोक दिया है और दो ईरानी SU-24 बमवर्षक विमानों को मार गिराया। सऊदी अरब ने रोके गए मिसाइलों या ड्रोनों के आंकड़े जारी नहीं किए हैं, लेकिन रियाद और अल-खारज शहरों के पास आठ ड्रोनों को रोके जाने की खबर आई है।
जानकारी
ओमान पर हुआ 2 ड्राेन से हमला
अमेरिका और ईरान के बीच ओमान मध्यस्थ की भूमिका निभाता रहा है और काफी हद तक टकराव से दूर रहा है। हालांकि, रविवार को दुक्म वाणिज्यिक बंदरगाह पर 2 ड्रोन हमले के साथ मसंदम के तट एक तेल टैंकर पर हमला किया गया।
जिम्मेदारी
ईरान ने बहरीन में अमेरिकी हवाई अड्डे पर हमले की जिम्मेदारी ली
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने कहा है कि उसने आज सुबह बहरीन के शेख ईसा इलाके में स्थित अमेरिकी हवाई अड्डे पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमला किया है। उसने बताया कि उसने 20 ड्रोन और 3 मिसाइलें दागी थी, जिससे अमेरिकी हवाई अड्डे की मुख्य कमान और मुख्यालय की इमारत नष्ट हो गई और उसके ईंधन टैंकों में आग लग गई। हालांकि, बहरीन की ओर से इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई है।
आदेश
इजराइल ने लेबनान के 59 क्षेत्रों को खाली करने का दिया आदेश
इजराइल ने लेबनान के कई इलाकों के लोगों को तुरंत पलायन करने की चेतावनी दी है। इजराइली सेना के अरबी प्रवक्ता अविचाई अद्राई ने एक्स पर लिखा, 'दक्षिणी लेबनान के 59 इलाकों को हिजबुल्लाह की गतिविधियों के चलते संभावित लक्ष्य चुना गया है। लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए तुरंत घर खाली करने होंगे और गांवों 1,000 मीटर दूर खुले इलाकों में रहना होगा। हिजबुल्लाह ठिकानों के पास मौजूद कोई भी व्यक्ति अपने जीवन को खतरे में डाल रहा है।'
दावा
ट्रंप ने अमेरिका के पास बताया गोला-बारूद का असीमित भंडार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि ईरान के साथ चल रहे युद्ध में इस्तेमाल करने के लिए अमेरिका के पास गोला-बारूद का लगभग असीमित भंडार है। उन्होंने कहा कि मध्यम और उच्च मध्यम श्रेणी के अमेरिकी गोला-बारूद का भंडार पहले कभी इतना उच्च या बेहतर नहीं रहा है। इन सामग्रियों का उपयोग करके युद्ध अनंत काल तक और बहुत सफलतापूर्वक लड़ा जा सकता है। इस बयान से साफ है कि अमेरिका पीछे हटने वाला नहीं है।