डॉलर के मुकाबले फिर लुढ़का रुपया, 18 पैसे टूटकर 96.38 पर पहुंचा
क्या है खबर?
भारतीय रुपये में आज (19 मई) भी कमजोरी देखने को मिल रही है। शुरुआती कारोबार में रुपया 18 पैसे गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.38 के स्तर पर पहुंच गया। लगातार सात कारोबारी सत्रों से रुपये में गिरावट बनी हुई है और अब तक यह करीब 2.2 प्रतिशत टूट चुका है। विशेषज्ञों के मुताबिक, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और एशियाई बाजारों में कमजोरी की वजह से रुपये पर दबाव बढ़ रहा है।
शेयर बाजार
शेयर बाजार में मामूली रिकवरी
रुपये में कमजोरी के बावजूद मंगलवार सुबह भारतीय शेयर बाजार में हल्की बढ़त देखने को मिल रही है। शुरुआती कारोबार में निफ्टी 50 करीब 0.11 प्रतिशत बढ़कर 23,675 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, BSE सेंसेक्स भी 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,441 अंक के करीब कारोबार करता दिखा। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद से निवेशकों का भरोसा थोड़ा मजबूत हुआ है, जिससे बाजार में यह मामूली रिकवरी देखने को मिली।
तनाव
अमेरिका-ईरान तनाव पर बाजार की नजर
करीब तीन महीने से चल रहे अमेरिका-ईरान तनाव पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान के साथ संभावित न्यूक्लियर डील का संकेत दिया। इसके बाद बाजार में उम्मीद बढ़ी कि दोनों देशों के बीच तनाव कम हो सकता है। अगर पश्चिम एशिया में हालात सुधरते हैं, तो कच्चे तेल की कीमतों में राहत मिल सकती है। इससे भारतीय रुपये और घरेलू बाजार को भी कुछ सहारा मिलने की संभावना है।
पेट्रोल-डीजल
पेट्रोल-डीजल फिर हुए महंगे
देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। एक हफ्ते से कम समय में दूसरी बार तेल कंपनियों ने दोनों ईंधनों के दाम करीब 90 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए हैं। नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती फ्यूल कीमतों का असर आम लोगों के खर्च पर पड़ रहा है, जिससे महंगाई और बढ़ने की आशंका है।