दक्षिण कोरियाई निवेशकों ने स्पेस-X में किया करीब 7,600 करोड़ रुपये का निवेश
दक्षिण कोरिया के खुदरा निवेशकों ने स्पेस-X के शेयरों में पहले ट्रेडिंग दिन ही करीब 80 करोड़ डॉलर (करीब 7,600 करोड़ रुपये) का बड़ा निवेश किया।
यह राशि पिछले 3 महीनों में किसी भी अन्य अमेरिकी स्टॉक में उनके कुल निवेश से ज्यादा है। इससे साफ पता चलता है कि वे एलन मस्क की कंपनियों को कितना पसंद करते हैं और उन पर भरोसा करते हैं।
कंपनी के मूल्यांकन में जबरदस्त उछाल
स्पेस-X के शेयर शुरुआती लिस्टिंग में ही 49 फीसदी उछल गए, जिससे कंपनी का मूल्यांकन बढ़कर 2,650 अरब डॉलर (2.5 लाख अरब रुपये) पर पहुंच गई, जो अमेजन से भी ज्यादा है।
जापान और ऑस्ट्रेलिया के विपरीत दक्षिण कोरिया के खुदरा निवेशकाें को इस आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) में सीधे शेयर नहीं मिल पाए, जिसके बाद एक जांच शुरू हो गई।
दरअसल, निर्गम के अंडरराइटर्स में से एक मिरा एसेट सिक्योरिटीज कंपनी ने कुछ खास निवेशकों को स्टॉक खरीदने का अवसर देने का वादा किया था, लेकिन बाद में उन्हें कोई भी शेयर नहीं मिल सका।