रक्षा क्षेत्र में उतरी कार निर्माता रेनो, अब बनाएगी ड्रोन
फ्रांसीसी कार कंपनी रेनो ने एक बड़ी घोषणा की है। इसके तहत, कंपनी रक्षा तकनीक फर्म थेल्स के साथ मिलकर हथियारबंद 'कामिकाजे' ड्रोन तैयार करेगी।
ये ऐसे ड्रोन होते हें, जो लक्ष्य के ऊपर मंडराते हें और फिर उस पर तेजी से हमला कर देते हें। रक्षा क्षेत्र में रेनो का यह एक और बड़ा कदम है। इन ड्रोंस को खास तौर पर निर्यात बाजारों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है।
2027 में शुरू हो सकता है ड्रोन का उत्पादन
इन ड्रोंस का उत्पादन 2027 में शुरू होने की उम्मीद है। कंपनी का लक्ष्य हर महीने करीब 1,000 ड्रोन बनाने का है। रेनो ने भविष्य में जमीन पर चलने वाले ड्रोन बनाने की संभावना से इनकार नहीं किया है, लेकिन यह साफ कर दिया है कि टैंक बनाने में उसकी कोई दिलचस्पी नहीं है।
इन ड्रोंस के ज्यादातर पुर्जे फ्रांस या यूरोपीय आपूर्तिकर्ताओं से लिए जाएंगे। इससे फ्रांस के घरेलू रक्षा उद्योग को मजबूती मिलेगी।
यह कदम एक बड़े चलन का हिस्सा है क्योंकि यूरोप की अन्य बड़ी वाहन निर्माता कंपनियां- वोक्सवैगन और मर्सिडीज-बेंज भी अब सैन्य तकनीक में हाथ आजमा रही हें।