एडवर्ब की करीब 950 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने की तैयारी
रिलायंस इंडस्ट्रीज के समर्थन वाली भारतीय रोबोटिक्स स्टार्टअप एडवर्ब टेक्नोलॉजीज अपने वैश्विक विस्तार को बढ़ाने और नई तकनीक विकसित करने के लिए 10 करोड़ डॉलर (करीब 950 करोड़ रुपये) से ज्यादा जुटाने की तैयारी में है।
2016 में अपनी शुरुआत के बाद से कंपनी लॉजिस्टिक्स, मैन्युफैक्चरिंग और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों के लिए रोबोट बनाती रही है। अब यह अमेरिका, नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में भी काम करती है।
1,300 करोड़ रुपये राजस्व हासिल करने की उम्मीद
एडवर्ब के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) संगीत कुमार ने बताया कि यह नया फंड एडवांस ह्यूमनॉइड और 4 पैरों वाले रोबोट बनाने के साथ-साथ स्मार्ट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम को और बेहतर बनाने में लगाए जाएंगे। लिडार सेंसर पर अलग से काम करने की योजना है।
उसका लक्ष्य आयात पर निर्भरता कम करने और चीन, जापान और अमेरिका की दिग्गज कंपनियों से मुकाबला करने का है। कंपनी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027 में उसका राजस्व 1,300 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। इसमें से आधा हिस्सा विदेशी ग्राहकों से आएगा। कंपनी वित्त वर्ष 2027 तक समायोजित लाभप्रदता और अगले साल शुद्ध लाभ हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। एक बार राजस्व 4,000-5,000 करोड़ रुपये को पार कर जाए तो कंपनी अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की योजना बना रही है।