NSE ने IPO के लिए SEBI के समक्ष दाखिल किया आवेदन
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) भारत के अब तक का सबसे बड़ा आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) में से एक लाने की तैयारी में है।
NSE ने बुधवार (17 जून) को भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) फाइल कर दिया है।
इसने अपने 6 फीसदी शेयर बेचकर करीब 30,000 से 32,000 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है। इस IPO के साथ इसका बाजार पूंजीकरण 5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
LIC नहीं बेचेगी अपनी हिस्सेदारी
NSE, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्ट होने की योजना बना रहा है। कंपनी को उम्मीद है कि इससे अधिक निवेशक आकर्षित होंगे और ट्रेडिंग गतिविधि भी बढ़ेगी। SEBI कंपनी के कागजातों की समीक्षा करने के बाद ही इस IPO को हरी झंडी देगा।
NSE का सबसे बड़ा सार्वजनिक शेयरधारक भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) है, जिसकी इसमें 10.72 फीसदी की हिस्सेदारी है। उसने IPO में अपनी कोई हिस्सेदारी न बेचने का फैसला किया है, जबकि भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) जैसे दूसरे शेयरधारक IPO में अपनी कुछ हिस्सेदारी बेच सकते हैं।