Page Loader
मूडीज ने भारत की 2025 की आर्थिक विकास दर का अनुमान घटाकर 6.3 प्रतिशत किया
मूडीज ने भारत की आर्थिक विकास दर का अनुमान घटाया

मूडीज ने भारत की 2025 की आर्थिक विकास दर का अनुमान घटाकर 6.3 प्रतिशत किया

May 06, 2025
02:30 pm

क्या है खबर?

वित्तीय सेवा कंपनी मूडीज ने भारत की 2025 की आर्थिक विकास दर (GDP) का अनुमान 6.5 प्रतिशत से घटाकर 6.3 प्रतिशत कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में भारत की अनुमानित विकास दर 6.7 प्रतिशत रहेगी, जबकि 2026 के लिए इसे 6.5 प्रतिशत पर स्थिर रखा गया है। मूडीज का यह ताजा अनुमान ग्लोबल मैक्रो आउटलुक 2025-26 रिपोर्ट में सामने आया है, जो दुनियाभर की आर्थिक स्थितियों पर केंद्रित है।

वजह

कटौती की प्रमुख वजहें क्या हैं?

मूडीज ने बताया है कि वैश्विक नीति की अनिश्चितता, व्यापारिक तनाव और वित्तीय बाजारों की अस्थिरता इस विकास दर कटौती के मुख्य कारण हैं। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव भी इस फैसले में एक बड़ी भूमिका निभा रहा है। अमेरिका और चीन की नीतियों में बदलाव तथा निवेशकों की बढ़ती सतर्कता ने भी भारत जैसे देशों की आर्थिक गतिविधियों को प्रभावित किया है, जिससे अनुमान घटा दिया गया है।

उपाय 

अन्य वैश्विक असर और भारतीय उपाय 

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिका की विकास दर 2025 में 1 प्रतिशत और चीन की 3.8 प्रतिशत तक सीमित रह सकती है। इससे वैश्विक व्यापार पर असर पड़ेगा और भारत सहित जी-20 देशों को चुनौती मिलेगी। मूडीज का मानना है कि भारतीय रिजर्व बैंक 2025 में ब्याज दरों में कटौती कर सकता है, ताकि घरेलू मांग को बढ़ाया जा सके। इसके साथ ही, निवेश और पूंजी खर्च पर भी भू-राजनीतिक तनाव का असर पड़ सकता है।