KPMG ने अपनी रिपोर्ट ली वापस, AI से किए गए थे फर्जी दावे
KPMG ने अपनी अहम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) रिपोर्ट 'रीडिफाइनिंग एक्सीलेंस इन द एज ऑफ एजेंटिक AI' को वापस ले लिया है क्योंकि यह सामने आया है कि उसमें शामिल कुछ केस स्टडीज AI ने खुद तैयार की थीं। इन गलतियों को सबसे पहले GPTZero ने पकड़ा और बाद में फाइनेंशियल टाइम्स ने इसकी पुष्टि की।
रिपोर्ट में कहा गया था कि UBS, NHS ग्रेटर मैनचेस्टर, स्विस फेडरल रेलवे और TfL जैसी संस्थाएं एडवांस्ड AI का इस्तेमाल कर रही हैं, लेकिन जांच में ये बातें झूठी निकलीं।
संगठन ने किया दावों का खंडन
UBS ने AI के उपयोग से जुड़े दावों को तथ्यात्मक रूप से गलत बताया, वहीं स्विस फेडरल रेलवे ने कहा कि ट्रैवल प्लानिंग वाला उदाहरण सही नहीं है।
TfL ने अपने बारे में किए गए उल्लेख को गुमराह करने वाला बताया। NHS ग्रेटर मैनचेस्टर के स्वास्थ्य अधिकारियों ने भी कहा कि ये बातें उनके असल काम से बिल्कुल मेल नहीं खातीं।
KPMG ने अपनी सफाई में कहा कि उसके कर्मचारियों ने शायद AI के इस्तेमाल से जुड़ी अपनी अंदरूनी नीतियों का उल्लंघन किया होगा। साथ ही, उसने इंसानी निगरानी की अहमियत पर भी जोर दिया। इस पूरे मामले के बाद KPMG इंटरनेशनल ने रिपोर्ट को वापस ले लिया है और मामले की अंदरूनी जांच शुरू कर दी है।