जापान में नकद से मिलेगा छुटकारा, 3 दिग्गज बैंक ला रहे स्टेबलकॉइन
जापान के 3 बड़े बैंक मित्सुबिशी UFJ, सुमितोमो मित्सुई और मिजुहो मिलकर अपने खुद के स्टेबलकॉइन लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं।
मार्च, 2027 तक इन्हें लॉन्च करने का लक्ष्य रखा गया है। इन बैंकों का मकसद जापान में डिजिटल पेमेंट को आम बनाना है क्योंकि वहां अभी भी नकद और क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल बहुत ज्यादा होता है।
इसके लिए ये बैंक एक काउंसिल बनाएंगे, जो यह तय करेगी कि यह पूरा सिस्टम कैसे काम करेगा।
फाइनेंशियल सर्विसेज एजेंसी ने किया समर्थन
जापान की फाइनेंशियल सर्विसेज एजेंसी भी इस पहल का पूरा समर्थन कर रही है। एजेंसी का मानना है कि ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी के जरिए पेमेंट को आधुनिक बनाने में स्टेबलकॉइन एक अहम रास्ता साबित हो सकता है।
यह पहल जापानी येन से जुड़े कॉइन जैसे JPYC के बढ़ते इस्तेमाल और सत्ताधारी दल की एक कमेटी के प्रस्ताव के बाद आई है, जिसमें पूरे एशिया में पेमेंट के लिए स्टेबलकॉइन का उपयोग करने का जिक्र था।
दुनियाभर में, जहां रेगुलेशन को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं, वहीं जापान का यह कदम उसके फाइनेंशियल सिस्टम को डिजिटल युग के लिए अपडेट करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।