इंफोसिस के शेयरों में आई 1.5 फीसदी गिरावट, निवेशकों को नहीं होगा नुकसान
इंफोसिस के शेयर में बुधवार (10 जून) को 1.55 फीसदी गिरकर 1,162 रुपये पर आ गए। दरअसल, कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 25 रुपये प्रति शेयर के अंतिम लाभांश की एक्स-डिविडेंड तारीख तय की थी।
इसका मतलब यह है कि अगर, आप आज शेयर खरीदते हैं तो आपको यह लाभांश नहीं मिलेगा, वहीं जिन निवेशकों के पास आज से पहले यह शेयर थे, वे इस भुगतान के हकदार होंगे, हालांकि इसके लिए अभी शेयरधारकों की मंजूरी मिलना बाकी है।
शेयर को लेकर विश्लेषकों में मतभेद
यह 25 रुपये का लाभांश इस वित्त वर्ष का अंतिम भुगतान है। इससे पहले अक्टूबर, 2025 में कंपनी ने 23 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश दिया था। इन दोनों को मिलाकर इंफोसिस की कुल डिविडेंड यील्ड लगभग 4.07 फीसदी हो गई है।
हालांकि, इसके बावजूद पिछले एक साल में इंफोसिस के शेयरों में 26 फीसदी की गिरावट आई है। यह गिरावट निफ्टी 50 की 7.4 फीसदी की गिरावट से काफी ज्यादा है क्योंकि IT सेक्टर की ग्रोथ अभी भी सुस्त बनी हुई है।
इस शेयर पर विश्लेषकों की राय बंटी हुई है। सिटी ने इंफोसिस को 1,300 रुपये के लक्ष्य के साथ 'न्यूट्रल' रेटिंग दी है, वहीं जेफरीज ने 1,235 रुपये के लक्ष्य के साथ 'होल्ड' करने की सलाह दी है। उसका मानना है कि कंपनी का यह मजबूत लाभांश शेयर की कीमत को और ज्यादा गिरने से रोक सकता है।