IOB ने डॉलर जमा कराने पर ब्याज दर बढ़ाकर की 6.5 फीसदी
इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने हाल ही में विदेशी मुद्रा नॉन-रेजिडेंट बैंक (FCNR) (B) डिपॉजिट पर अपनी ब्याज दरें बढ़ाई हैं। अब अगर, कोई ग्राहक अपने अमेरिकी डॉलर IOB में 3, 4 या 5 साल के लिए जमा करता है तो उसे सालाना 6.5 प्रतिशत का ब्याज मिलेगा।
FCNR (B) डिपॉजिट पर भारतीय बैंकों की तरफ से दी जा रही दरों में यह फिलहाल सबसे ऊंची दरों में से एक है। कम अवधि वाले डिपॉजिट के लिए भी दरों में बदलाव किया गया है।
एक साल के डिपॉजिट पर अब 5 प्रतिशत, एक से 2 साल के लिए 4.5 प्रतिशत और 2 से 3 साल के लिए 3.2 प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा।
यूरो और पाउंड की दरें अपरिवर्तित
ये बदलाव भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हालिया नीतिगत फैसले के बाद हुए हैं। इस फैसले के तहत अब बैंक 8 जून से 30 सितंबर के बीच 3 से 5 साल की मैच्योरिटी वाले नए FCNR (B) डिपॉजिट पर हेजिंग की लागत खुद वहन कर सकेंगे।
RBI का मकसद देश में विदेशी मुद्रा के प्रवाह को बढ़ाना और रुपये की स्थिरता बनाए रखना है। इस बार यूरो और पाउंड के डिपॉजिट की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।